दुमका । दुमका लोकसभा क्षेत्र के लिए आज का दिन बेहद गौरवशाली और ऐतिहासिक साबित हुआ है। लंबे समय से पिछड़े और उपेक्षित रहे संथाल परगना क्षेत्र के विकास को एक नई रफ्तार मिलने जा रही है। स्थानीय सांसद नलिन सोरेन जी के निरंतर प्रयासों, मजबूत पहल और संसद के भीतर जनता की आवाज को मुखरता से उठाने का ही यह सुखद परिणाम है कि अब दुमका सीधे देश की राजधानी दिल्ली से रेल मार्ग द्वारा जुड़ने जा रहा है।
सांसद नलिन सोरेन ने हमेशा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता दी है। उन्होंने संसद में दुमका को दिल्ली से जोड़ने की पुरजोर वकालत करने के साथ-साथ दक्षिण भारत के प्रमुख राज्यों जैसे केरल और तमिलनाडु के लिए भी बेहतर रेल संपर्क स्थापित करने की मांग प्रमुखता से उठाई थी। उनकी इस दूरदर्शी सोच का सीधा लाभ संथाल परगना के हजारों छात्र-छात्राओं, प्रवासी मजदूरों, स्थानीय व्यवसायियों और आम जनता को मिलेगा।
यह नई रेल सुविधा सिर्फ आवागमन का साधन मात्र नहीं है, बल्कि यह संथाल परगना के समग्र विकास, रोजगार के नए अवसरों, उच्च शिक्षा, व्यापारिक प्रगति और पर्यटन उद्योग के लिए नए द्वार खोलने वाला एक क्रांतिकारी कदम साबित होगी। इस वर्षों पुरानी मांग के धरातल पर उतरने से पूरे दुमका लोकसभा क्षेत्र की जनता में भारी उत्साह और जश्न का माहौल देखा जा रहा है।
क्षेत्र की जनता की भावनाओं और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस महत्वपूर्ण पहल को हरी झंडी देने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का भी आभार व्यक्त किया जा रहा है। सांसद नलिन सोरेन के कुशल नेतृत्व में दुमका के विकास की यह यात्रा तेजी से आगे बढ़ रही है, जो आने वाले समय में संथाल परगना को तरक्की की एक नई ऊंचाई पर स्थापित करेगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


