सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, पुराने कई मामलों में भी रहा है आरोपी
देवघर । मधुपुर थाना क्षेत्र की रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी में रेलवे क्वार्टर की दीवार तोड़कर चोरी की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान हुई और छापेमारी कर उसे दबोच लिया गया। घटना 11 मई की रात की है। रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी स्थित क्वार्टर संख्या 64 जे में एक अज्ञात व्यक्ति ने सबल से दीवार तोड़कर चोरी का प्रयास किया था। मामले में कालीपुर टाउन निवासी प्रशांत भूषण ने मधुपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान डंगालपाड़ा निवासी 52 वर्षीय कोल्हा यादव के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर घटना के दिन पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी कई संपत्ति संबंधी अपराधों और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। मधुपुर थाना समेत जिले के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2003, 2008, 2009, 2016, 2017, 2022 और 2023 में चोरी, चोरी के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। मामले में छापेमारी टीम में पु.अ.नि. अशोक कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मकबूल अंसारी और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


