दुमका। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और नकली पनीर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अंजना रानी मिंज के नेतृत्व में शहर के कई नामी होटलों, रेस्टोरेंट और डेयरी प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य बाजार में बिक रहे मिलावटी पनीर पर लगाम लगाना और लोगों की सेहत से होने वाले खिलवाड़ को रोकना है।
अभियान के दौरान टीम ने टीन बाजार के रंजीत सिंह प्रतिष्ठान, रेलवे स्टेशन रोड स्थित मां तारा बेकरी, भागलपुर रोड के टीलोजी कैफे और टावर चौक स्थित दुलाल होटल समेत कई जगहों पर दबिश दी। इसके अलावा नीचे बाजार के सुमन व ग्रीन होटल, गांधी मैदान रोड के सागर होटल, कुसुमडीह के राधिका व रिया रमन होटल और रामपुर स्थित कृष्णा गार्डन रेस्टोरेंट में भी पनीर की गुणवत्ता जांची गई। मौके पर ही स्टार्च की मौजूदगी की जांच की गई, जिसमें प्राथमिक तौर पर नमूने सही पाए गए।
हालांकि, विभाग ने पूरी सतर्कता बरतते हुए चार प्रमुख प्रतिष्ठानों से पनीर के सैंपल जब्त कर उन्हें विस्तृत जांच के लिए सरकारी लैब भेज दिया है। अधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि लैब रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित दुकानदारों पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
जांच के दौरान दुकानदारों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और खाद्य पदार्थों को ढककर रखने की कड़ी हिदायत दी गई। विभाग ने साफ कर दिया है कि यह अभियान रुकने वाला नहीं है और आने वाले दिनों में भी औचक निरीक्षण जारी रहेगा ताकि शहरवासियों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


