देवघर में देर रात वारदात के बाद दहशत, पांच हिरासत में, हथियार बरामद
देवघर। मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड्डा मुख्य पथ पर जयपुर मोड़ के पास गुरुवार की देर रात अपराध की बड़ी घटना सामने आई। फॉर्च्यूनर गाड़ी से लूटपाट करने पहुंचे बदमाशों के बीच आपसी विवाद में गोली चल गई, जिसमें एक अपराधी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूत्रों के अनुसार, कुछ अपराधी एमपी नंबर की फॉर्च्यूनर गाड़ी से सड़क पर लूट की योजना बनाकर पहुंचे थे। इसी दौरान रांची से साहिबगंज जा रही शीतल पेय कंपनी की फ्रिज लदी मालवाहक गाड़ी को रोक लिया गया। वाहन चालक के साथ मारपीट कर लूटपाट शुरू ही हुई थी कि अचानक आपसी फायरिंग में एक गोली अपने ही साथी को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को अस्पताल ले जाकर फरार हुए साथी
गोली लगने के बाद घबराए हुए अन्य बदमाश घायल साथी को उसी फॉर्च्यूनर गाड़ी से देवघर सदर अस्पताल ले पहुंचे और वहां छोड़कर फरार हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इसी दौरान अस्पताल में एक व्यक्ति, जो मृतक का रिश्तेदार बताया जा रहा है, पहुंचा जिसे पुलिस ने संदेह के आधार पर हिरासत में ले लिया।
मृतक की पहचान, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक की पहचान 25 वर्षीय राजन लाल, पिता दिनेश लाल, निवासी बिहाई (रिखिया थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ इलाके में रह रहा था। घटना की सूचना पर पहुंचे मृतक के पिता ने इसे साजिशन हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि लूट की योजना के पीछे एक बड़ा गिरोह सक्रिय है।
पांच हिरासत में, हथियार बरामद
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहनपुर, रिखिया, कुंडा, जसीडीह और टाउन थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं जसीडीह रेलवे स्टेशन से भी एक संदिग्ध को पकड़ा गया है। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार भी बरामद किए हैं और पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। सूत्रों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


