हत्या या आत्महत्या पर सस्पेंस, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
दौसा । राजस्थान के दौसा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सैंथल थाना क्षेत्र के पीलवा गांव में 72 दिन बाद एक युवक के शव को कब्र से बाहर निकाला गया। परिजनों की शिकायत और कोर्ट के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह साफ होगा कि युवक की मौत आत्महत्या थी या उसकी हत्या की गई थी। सैंथल थाना क्षेत्र के पीलवा गांव में मृतक टोनी योगी के मामले ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। जानकारी के अनुसार, 29 जनवरी 2026 को टोनी योगी की मौत के बाद परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव को दफना दिया था। उस समय गले पर संदिग्ध निशान होने के बावजूद इसे सामान्य मौत मानकर अंतिम संस्कार कर दिया गया था। कुछ समय बाद परिवार को मौत पर संदेह हुआ और उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और शुक्रवार को शव को कब्र से बाहर निकाला गया। कार्रवाई के दौरान सैंथल तहसीलदार और थानाधिकारी पर मौजूद रहे। भारी पुलिस बल की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई और दौसा जिला अस्पताल से मेडिकल बोर्ड भी मौके पर पहुंचा। शव का पोस्टमार्टम वहीं किया गया और गले पर मिले निशानों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने बताया कि पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई है। अब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा। यदि हत्या साबित होती है तो आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार किया गया था। फिलहाल पूरा मामला कोर्ट की निगरानी में है और जांच जारी है।






