सर्वाधिक राजनीतिक चुनौती वाले क्षेत्रों से प्रदेश भाजपा कमेटी में सबसे कम प्रतिनिधित्व*
◆18 विधानसभा सीट वाले संताल परगना से मात्र 2 नेताओं को मिली जगह
◆14 विधानसभा सीट वाले कोल्हान से मात्र 3 नेताओं को मिला स्थान
सुमन सिंह
दुमका । प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू की टीम में क्षेत्रीय संतुलन का अभाव साफ दिख रहा है।प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों की जो 24 सदस्यीय सूची जारी की गई है,उसमें न प्रमंडल के आधार पर संतुलन है और न ही विधानसभा की सीटों की संख्या के आधार पर कोई तारतम्य है।संताल परगना और कोल्हान में जहां भाजपा को राजनीतिक रूप से सबसे अधिक चुनौती है,वहां से प्रदेश टीम में सबसे कम प्रतिनिधित्व दिया गया है।प्रदेश कमेटी में इस बार भी रांची का बोलबाला है।अकेले दक्षिण छोटानागपुर से 8 नेताओं को प्रदेश कमेटी में पदाधिकारी बनाया गया है। 6 जिलों वाले संताल परगना प्रमंडल में 18 विधान सभा क्षेत्र है पर इलाके से मात्र दो नेताओं सुनील सोरेन(दुमका) और श्रीमती कृष्णा महतो(साहिबगंज) को प्रदेश टीम में स्थान मिला है।यह स्थिति तब है जबकि संताल परगना में भाजपा की स्थिति बेहद कमजोर है।पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा संताल परगना की 18 सीटों में एक मात्र जरमुंडी सीट जीत सकी थी।संताल परगना झामुमो का गढ़ माना जाता है।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्पीकर रवींद्रनाथ महतो सहित झामुमो के कई कद्दावर नेता संताल परगना से हैं।जाहिर है,भाजपा के लिए संताल परगना में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और जनता के बीच पैठ बढ़ाने के लिए कड़ा संघर्ष करना है।इस लिहाज से भी पार्टी की प्रदेश कमेटी में संताल परगना को समुचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए था।पूर्व में दीपक प्रकाश और बाबूलाल मरांडी की टीम में भी संताल परगना को उपेक्षित रखा गया था और एक-दो नेताओं को टीम में रख कर खानापूर्ति की गई थी।इस बार भी सबसे कम प्रतिनिधित्व संताल परगना को ही मिला है।
प्रदेश भाजपा की टीम में क्षेत्रीय असंतुलन की स्थिति यह है कि 18 विधानसभा सीटों वाले संताल परगना से मात्र दो नेताओं को टीम में जगह मिली है,जबकि इससे कम 15 विधानसभा सीटों वाली दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल से 9 नेताओं को प्रदेश कमेटी में पदाधिकारी बनाया गया है। न सिर्फ संताल परगना बल्कि कोल्हान प्रमंडल को भी प्रदेश भाजपा की प्रदेश टीम में समुचित प्रतिनिधित्व नहीं मिला है।कोल्हान से प्रदेश भाजपा कमेटी में मात्र 3 नेताओं को स्थान दिया गया है जबकि कोल्हान प्रमंडल में विधानसभा की 14 सीटें हैं।संताल परगना की तरह ही कोल्हान में भी भाजपा को मुख्य प्रतिद्वंदी दल झामुमो से कड़ी चुनौती मिल रही है।पिछले विधानसभा चुनाव में एक मात्र चम्पई सोरेन की सीट ही भाजपा जीत सकी थी।
*प्रमंडलवार विधानसभा सीटें और प्रदेश कमेटी में प्रतिनिधित्व*
*1.दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल: 15 विधान सभा सीटें-प्रदेश कमेटी में प्रतिनिधित्व 9*
*2.उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल: 25 विधानसभा सीटें-प्रदेश कमेटी में प्रतिनिधित्व 7*
*3.पलामू प्रमंडल: 9 विधान सभा सीटें-प्रदेश कमेटी में प्रतिनिधित्व 3*
*4.कोल्हान प्रमंडल: 14 विधानसभा सीटें- प्रदेश कमेटी में प्रतिनिधित्व 3*
*5.संताल परगना प्रमंडल:18 विधानसभा सीटें-प्रदेश कमेटी में प्रतिनिधित्व 2*


