संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा – साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दुमका की एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) टीम ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) नंदन कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.यह कार्रवाई प्रखंड कार्यालय में ही अंजाम दी गई.जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
महीनों से चल रही थी पैसों की मांग…
सूत्रों के अनुसार प्रखंड के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े डीलरों से नियमित रूप से पैसे की मांग की जा रही थी. बताया जा रहा है कि हर महीने निश्चित रकम जमा कराने का दबाव बनाया जाता था. इससे परेशान होकर डीलरों ने सामूहिक रूप से शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया.
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसीबी की टीम ने जांच के बाद जाल बिछाया. योजना के तहत् एक शिकायतकर्ता को निर्धारित रकम के साथ अधिकारी के पास भेजा गया. जैसे ही पैसे सौंपे गए. मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नंदन कुमार को रंगेहाथ दबोच लिया.
हाल ही में मिली थी पहली पोस्टिंग….
बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी की नियुक्ति कुछ ही समय पहले हुई थी और यह उनकी पहली पोस्टिंग थी. शुरुआती दौर में ही इस तरह के मामले सामने आने से विभाग के अंदर भी हलचल मच गई है.उसे एसीबी की टीम ने पूछताछ के लिए आपने साथ दुमका ले गये. जहां उससे पूछताछ जारी है. मामले में आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
स्थानीय स्तर पर दिखा संतोष…..
इस कार्रवाई के बाद डीलरों और आम लोगों ने राहत की सांस ली है. लंबे समय से चल रही कथित अनियमितताओं पर लगाम लगाने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है. इलाके में इस कार्रवाई की व्यापक चर्चा हो रही है और लोग इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ मजबूत संदेश के रूप में देख रहे हैं.


