पाकुड़। होली के त्योहार के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। बुधवार दोपहर लगभग 2:30 बजे नगर थाना क्षेत्र के तलवाडांगा स्थित नंदीपाड़ा में 44 वर्षीय देवराज सरकार उर्फ निमुवा की क्रूर हत्या कर दी गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देवराज घर से चाय पीने के लिए बाहर निकले ही थे कि पहले से घात लगाए बैठे 8 से 10 हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने देवराज को जबरदस्ती पकड़कर ताबड़तोड़ चाकू से वार किया। उनकी पीठ पर तीन और सीने पर दो गहरे घाव पाए गए। हमले के बाद देवराज गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद अस्पताल पहुंचते ही उनकी मौत हो गई।
ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि मरीज की हालत बेहद नाजुक थी और घाव बहुत गहरे थे।मृतक के पिता मेघनाथ सरकार ने बताया कि हमलावरों की संख्या 8 से 10 के बीच थी। कुछ लोगों की पहचान हो चुकी है और उनके नाम पुलिस को सौंप दिए गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि देवराज का कुछ लोगों से रुपयों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इस विवाद के कारण पहले भी झड़प और कहासुनी हो चुकी थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतना उग्र रूप ले लेगा।सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि गहन अनुसंधान के बाद ही सभी शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो पाएगी।होली जैसे खुशी के मौके पर हुई इस निर्मम हत्या ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


