◆ कम से कम 10 वार्ड पार्षदों का समर्थन लेने वाले वार्ड पार्षद को मिलेगी उपाध्यक्ष की कुर्सी
◆ नप अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया के साथ दुमका विधायक बसंत सोरेन से मिले वार्ड पार्षद कन्हाई साह
सुमन सिंह
दुमका।दुमका नगर परिषद के अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों के चुनाव के बाद अब शहरवासियों की नजरें 20 मार्च को होने वाले उपाध्यक्ष पद चुनाव पर टिक गई है।नगर परिषद का उपाध्यक्ष का चुनाव सीधे जनता के द्वारा न होकर अप्रत्यक्ष चुनाव होना है।चुने हुए वार्ड पार्षद अपने बीच से एक उपाध्यक्ष को चुनेंगे।दुमका नगर परिषद में 21 वार्ड है।सभी नव निर्वाचित 21 वार्ड पार्षद उपाध्यक्ष का चुनाव करेंगे।इस पद के लिए जोड़-तोड़ शुरू हो गया है।उपाध्यक्ष पद के कई दावेदार हैं जो समर्थन जुटाने के लिए वार्ड पार्षदों से संपर्क साधने लगे हैं।इस बीच रविवार को दुमका नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया रांची में दुमका विधायक बसंत सोरेन से मिल कर उनका आशीर्वाद लिया।अभिषेक चौरसिया के वार्ड नंबर 10 के वार्ड पार्षद कन्हाई प्रसाद भी विधायक बसंत सोरेन से मिले।इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही दुमका में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।कन्हाई प्रसाद अचानक चर्चा में आ गए हैं।यह बताया जा रहा है कि वे नव निर्वाचित अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया के नजदीकी वार्ड पार्षद हैं और उपाध्यक्ष पद के दावेदार हैं।बता दें कि 21 वार्ड पार्षद वाले दुमका नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए बहुमत का आंकड़ा 11 है।जो वार्ड पार्षद अपने साथ कम से कम 10 अन्य वार्ड पार्षदों को जोड़ लेगा,उसे उपाध्यक्ष पद की कुर्सी मिल जाएगी।


