नई दिल्ली । रूस से कच्चे तेल की खरीद को लेकर अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए भारी टैरिफ का असर अब आंकड़ों में साफ नजर आने लगा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सख्त व्यापारिक नीतियों और टैरिफ घोषणाओं के बाद रूस से भारत के आयात में ऐतिहासिक कमी दर्ज की गई है। सोमवार को जारी ताजा सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 में रूस से भारत का मर्चेंडाइज इंपोर्ट (उत्पादों का आयात) 40.48 फीसदी तक घट गया है।
आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि जनवरी 2025 में रूस से भारत का आयात लगभग 4.81 बिलियन डॉलर था, जो अब घटकर महज 2.86 बिलियन डॉलर रह गया है। इस भारी गिरावट का मुख्य कारण भारतीय रिफाइनरियों द्वारा रूसी कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की खरीद में की गई कटौती को माना जा रहा है। गौरतलब है कि रूस से होने वाले कुल मर्चेंडाइज इंपोर्ट में कच्चे तेल की हिस्सेदारी लगभग 80 फीसदी रहती है। इसके अलावा भारत रूस से कोयला, उर्वरक, लोहा, अखबारी कागज, दालें और कीमती पत्थर जैसे उत्पाद भी आयात करता है, लेकिन तेल की खरीद में कमी ने कुल व्यापार संतुलन को बड़े पैमाने पर प्रभावित किया है।
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत अप्रैल 2025 में हुई थी, जब भारत ने रूस से करीब 4.73 बिलियन डॉलर के तेल का आयात किया था। इसी दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने लिबरेशन डे टैरिफ की घोषणा की। अमेरिका ने भारत को निशाना बनाते हुए पहले 25 फीसदी और फिर रूसी तेल खरीदने के जुर्माने के तौर पर 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया। इस प्रकार भारतीय उत्पादों पर कुल 50 फीसदी टैरिफ वसूला जाने लगा, जिससे भारतीय निर्यातकों और अर्थव्यवस्था पर भारी दबाव बना। हालांकि, हाल ही में एक अंतरिम समझौते पर सहमति बनने के बाद अमेरिका ने इन टैरिफ दरों में कुछ कटौती की है, लेकिन रूसी तेल से दूरी बनाने का सिलसिला जारी है।
बाजार की बदलती परिस्थितियों के बीच भारत की बड़ी रिफाइनरियों ने अपनी रणनीति बदल ली है। देश की सबसे बड़ी निजी रिफाइनरी ने संकेत दिए हैं कि जनवरी में उन्हें रूसी क्रूड की किसी डिलीवरी की उम्मीद नहीं है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आने वाले महीनों में रूसी आयात में और भी गिरावट आ सकती है। भारतीय रिफाइनर अब रूस के मुकाबले वेनेजुएला के सस्ते कच्चे तेल की ओर रुख कर रहे हैं। अमेरिकी प्रशासन ने भारत को वेनेजुएला से तेल खरीदने का विकल्प दिया है, जिसे भारतीय कंपनियां आर्थिक रूप से अधिक व्यवहार्य मान रही हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने भी हाल ही में कहा था कि भारत अब वेनेजुएला के तेल को प्राथमिकता देगा, जो अब हकीकत में बदलता दिख रहा है।





