झांकियों में दिखेंगे 12 ज्योतिर्लिंग, साइबर जागरूकता, महिला क्रिकेट टीम की सफलता और पौराणिक थीम, ड्रोन व लेजर शो से सजेगा शहर
देवघर। महाशिवरात्रि के अवसर पर पर्यटन विभाग की ओर से निकाली जाने वाली भव्य शिवबारात को इस वर्ष और अधिक दिव्य व आकर्षक बनाने का प्रयास किया गया है। शिवबारात में आस्था, परंपरा और समकालीन संदेशों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। झांकी के माध्यम से 12 ज्योतिर्लिंग का प्रारूप प्रस्तुत किया जाएगा, जहां प्रत्येक ज्योतिर्लिंग के स्वरूप में पुरोहित पूजा करते नजर आएंगे। शिवबारात में सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता दी गई है। साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से साइबर दैत्य की झांकी शामिल की गई है। इसके साथ ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप में शानदार उपलब्धि को भी झांकी के माध्यम से दर्शाया जाएगा। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कलयुग थीम, कल्कि अवतार तथा देवी-देवताओं, साधु-संतों, भूत-प्रेतों और राक्षसों के विविध रूपों में बाराती शिवबारात की शोभा बढ़ाएंगे।
शिवबारात में पारंपरिक रंग भी पूरी भव्यता के साथ दिखाई देंगे। हाथी, घोड़ा, नंदी, भृंगी, भूत, बेताल, डाकिन, पिशाच, साधु-संन्यासी, राक्षस, चुड़ैल, ढोल-बाजा, बैंड और भांगड़ा दल समेत अनेक बाराती इसमें शामिल होंगे। शहर भर में शिव धुनों से वातावरण भक्तिमय हो गया है, जिसके लिए प्रमुख स्थानों पर लाउडस्पीकर लगाए गए हैं।आकर्षण के रूप में इस बार आधुनिक तकनीक का भी समावेश किया गया है। शिवबारात के दौरान ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। टावर चौक पर संध्या 8.30 बजे से लगभग 20 से 25 मिनट तक ड्रोन शो और लेजर शो के माध्यम से शिव की महिमा, कथा और महाशिवरात्रि से जुड़े प्रसंगों का सजीव प्रदर्शन होगा। शिवबारात को लेकर देवघर शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों को रंग-बिरंगी स्पाइरल लाइटों से सजाया गया है। शिवबारात के सभी रूट लाइन पथ को आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से संवारा गया है, जिससे पूरे शहर में उत्सव का माहौल बना हुआ।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


