…अवैध संबंध बना हत्या की वजह- 14 वर्षीय किशोर की हत्या का 48 घंटे में खुलासा, भाई और मां गिरफ्तार
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा- बरहरवा थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में 14 वर्षीय किशोर आयुष कुमार की हत्या मामले का बरहरवा थाना पुलिस ने 48 घंटे के अंदर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. बुधवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल ने बरहरवा थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि हत्या के पीछे अवैध संबंध और पारिवारिक रंजिश मुख्य कारण था.
एसडीपीओ ने बताया कि दिनांक 07.02.2026 को आयुष कुमार पिता – हेमंत कुमार साहा, ग्राम – रतनपुर का शव बरामद हुआ था. मामले में बरहरवा थाना कांड संख्या 28/26 दिनांक 09.02.2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गहन पूछताछ के आधार पर मृतक के ममेरे भाई रोहित साहा उम्र 30 वर्ष, पिता – माणिक साहा, थाना – रांगा एवं मीना देवी उम्र 33 वर्ष, पति – हेमंत कुमार साहा, ग्राम – रतनपुर को गिरफ्तार किया.
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मीना देवी और रोहित साहा के बीच पिछले दो वर्षों से अवैध संबंध था. घटना वाले दिन आयुष ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था. इस राज के खुल जाने के डर से दोनों ने मिलकर आयुष की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को छुपाने का प्रयास किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने बताया कि मामले की गहन जांच की गई और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर घटना का पर्दाफाश किया गया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में फैली सनसनी पर विराम लगा है.छापामारी दल में
पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार, बरहरवा प्रभाग
थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह, बरहरवा थानापु.अ.नि. सुदामा सिंह, बरहरवा थाना
पु.अ.नि. अनिल कुमार यादव, बरहरवा थाना
स.अ.नि. राजनाथ राय, बरहरवा थाना
स.अ.नि. रंजन कुमार यादव, बरहरवा थाना
सशस्त्र बल शामिल थे.
गिरफ्तार अभियुक्त-
रोहित साहा (मृतक का ममेरा भाई), उम्र 30 वर्ष, पिता – माणिक साहा, थाना – रांगा. मीना देवी मृतक की मां उम्र 33 वर्ष, पति – हेमंत कुमार साहा, थाना – बरहरवा दोनों जिला साहिबगंज
जब्त सामग्री-
विवो कंपनी का एक मोबाइल फोन अभियुक्त रोहित साहा के पास से बरामद.


