हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों के साथ बैठक में यह मुद्दा उठाएंगे
नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने समय पर न्याय करने की जरुरत पर जोर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि हाईकोर्ट द्वारा महीनों तक फैसलों को सार्वजनिक किए बिना सुरक्षित रखे जाने की प्रथा ‘एक चिह्नित बीमारी’ है, जिसे खत्म किया जाना चाहिए। सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जायमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली की पीठ एक याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इसमें कहा गया था कि झारखंड हाईकोर्ट ने पिछले साल 4 दिसंबर को एक याचिका खारिज करते हुए मौखिक रूप से फैसला सुनाया था और वह फैसला अब तक अपलोड नहीं किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीठ ने कहा कि अगले हफ्ते के आखिर तक वकील को पूरा फैसला उपलब्ध कराया जाए। देरी का जिक्र करते हुए याचिकाकर्ता की तरफ से पेश हुए वरिष्ठ वकील ने कहा कि ऐसा लगता है कि सिर्फ जुबानी जमा खर्च किया जा रहा है। कोई संदेश जाना चाहिए। यह कानून की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने जैसा है।
सीजेआई ने कहा कि मोटे तौर पर दो तरह के जस्टिस होते हैं। उन्होंने कहा कि एक मेहनती जज होते हैं, जो सबकी बात सुनते हैं और 10-15 मामलों में भी फैसला सुरक्षित रख लेते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ जज ऐसे होते हैं, जो इसके बाद फैसले नहीं सुनाते। हम किसी एक व्यक्ति की बात नहीं कर रहे हैं। यह न्यायपालिका के सामने एक चुनौती है और यह एक पहचानी हुई बीमारी है। इसका इलाज होना चाहिए और इसे खत्म किया जाना चाहिए और इसे फैलने नहीं दिया जा सकता। जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि एक और आम चलन है कि कुछ मामलों में दलीलें सुनी जाती हैं और फिर उन्हें आगे के निर्देशों के लिए लिस्ट कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि वह हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों के साथ अपनी आगामी बैठक में यह मुद्दा उठाएंगे।
सीजेआई ने कहा कि हम अन्य मुद्दों के साथ इस पर भी चर्चा करेंगे। हम कोई ऐसा समाधान निकालने की कोशिश करेंगे, जिससे इस तरह के टाले जाने वाले मुकदमे खत्म हो जाएं। हाईकोर्ट के न्यायाधीश के तौर पर अपने 15 साल के करिअर में मैंने कभी भी कोई फैसला सुरक्षित नहीं रखा और तीन महीने में फैसला नहीं सुनाया। पीठ ने अपने आदेश में मामले के तथ्यों का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड हाईकोर्ट ने 4 दिसंबर 2025 को फैसला सुनाया था, जिसमें रिट याचिका खारिज कर दी गई थी। फैसला अपलोड नहीं किया गया है। हमने हाईकोर्ट की तरफ से पेश वकील को बताया है कि इस देरी का कोई कारण नहीं है। अगले हफ्ते के आखिर तक वकील को पूरा फैसला दे दिया जाए।”
सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि हाईकोर्ट के न्यायाधीश के तौर पर उन्होंने अपने 15 साल के करिअर में कभी भी कोई फैसला सुरक्षित नहीं रखा और तीन महीने में फैसला नहीं सुनाया। सीजेआई ने कहा कि हम कोई ऐसा समाधान निकालने की कोशिश करेंगे, जिससे इस तरह के टाले जा सकने वाले मुकदमे खत्म हो जाएं। सुप्रीम कोर्ट ने नवंबर 2025 में सभी हाईकोर्ट को सुरक्षित रखे गए फैसलों का घटनाक्रम संबंधी विवरण सौंपने का निर्देश दिया था, जिसमें फैसले सुरक्षित रखने, सुनाने और अपलोड करने की तारीखें शामिल हों।






