फैन बोले- रिया की जर्नी हिम्मत की मिसाल, उन्हें सम्मान के साथ माफी भी मिले
नई दिल्ली । सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया चक्रवर्ती की जिंदगी बदल गई थी, लेकिन अब अभिनेत्री कमबैक करने को तैयार हैं। मंगलवार को मुंबई में नेक्स्ट ऑन नेटफ्लिक्स इवेंट में ऐलान हुआ कि रिया सीरीज फैमिली बिजनेस एक्टिंग की दुनिया में वापसी कर रही हैं. इसमें अनिल कपूर और विजय वर्मा भी लीड रोल में हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रिया ने इंस्टाग्राम पर शो का टीजर शेयर किया है। टीजर के कैप्शन में लिखा है- नया खून पुराने पैसों से मिला। जब ताकत दांव पर हो, तो फैमिली और बिजनेस की लाइनें धुंधली पड़ जाती हैं। देखिए फैमिली बिजनेस सीरीज, जल्द आ रही है, सिर्फ नेटफ्लिक्स पर। रिया चक्रवर्ती के कमबैक को लेकर फैन्स एक्साइटेड हो रहे हैं। रिया के चाहने वालों ने वीडियो पर कमेंट करके खुशी जाहिर की है। एक यूजर ने उनके पोस्ट पर कमेंट किया, देर आए दुरुस्त आए। दूसरे ने लिखा, रिया को स्क्रीन पर वापस देखकर बहुत खुशी हुई। वह इस कमबैक की हकदार हैं। एक अन्य ने कहा कि इंतजार नहीं हो रहा। एक फैन ने कहा कि रिया की जर्नी हिम्मत की मिसाल है। उन्हें सिर्फ सम्मान नहीं, माफी भी मिलनी चाहिए।
बता दें 2020 में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया की जिंदगी में बड़ा भूचाल आ गया था। सितंबर 2020 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने उनके व्हाट्सएप पर ड्रग पेडलर्स के चैट्स मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी, लेकिन लंबे समय तक ट्रैवल पर पाबंदी रही। उन्हें इंडस्ट्री ने भी बायकॉट कर दिया था। रिया से प्रोजेक्ट्स छीन लिए गए थे। 2025 में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने रिया को सभी आरोपों से क्लीन चिट दे दी, जिससे इस चैप्टर का आधिकारिक अंत हुआ।






