साहिबगंज में जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, इलाज के दौरान एक की मौत,तीन आरोपी गिरफ्तार
घटना से आक्रोशित लोगों ने हत्या के विरोध में किया सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
उधवा-राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दक्षिण सरफराजगंज पंचायत के कटहलबाड़ी भट्ठा में मंगलवार को जमीन विवाद में एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 40 वर्षीय कार्तिक मंडल के रूप में हुई है. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बहियार होते हुए भाग रहे थे. जहां पुलिस बलों ने तीन हत्यारोपी को बहियार से खदेड़कर पकड़ लिया गया. घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि बीते 7 जनवरी की रात करीब 10 बजे कटहलबाड़ी भट्ठा में भीषण अग्निकांड हुआ था. जिसमें दर्जनों घर जलकर राख हो गए थे.इस हादसे में कार्तिक मंडल का भी घर पूरी तरह जल गया था.इसके बाद से वह परिवार सहित त्रिपाल टांग कर जीवन यापन कर रहे थे.मृतक के परिजनों के अनुसार मंगलवार को कार्तिक मंडल अस्थायी मकान निर्माण के दौरान अपने घर की छत पर टीन लगा रहे थे.इसी दौरान झकसु घोष, सपन घोष, पवन घोष, बिफोल घोष, हरिबोल घोष समेत अन्य लोग लाठी-डंडा लेकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए टीन लगाने से मना करने लगे.जमीन को अपनी बताते हुए लोगों ने विरोध किया.जब कार्तिक मंडल ने इसका विरोध किया तो सभी लोगों ने उन्हें घर से घसीटते हुए सड़क पर निकाल कर बेरहमी से पीटा. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.घटना के बाद परिजन घायल कार्तिक मंडल को आनन-फानन में इलाज के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उधवा-सिरासीन मुख्य सड़क पर बांस-बल्ला लगाकर टायर जलाते हुए घंटों विरोध प्रदर्शन किया. जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.घटना की सूचना मिलते ही राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया. बताया जा रहा है कि इससे पूर्व 18 जनवरी को भी जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था. जिसका मामला थाना तक पहुंचा था.विवाद का निपटारा नहीं होने के कारण यह घटना घटी.कार्तिक मंडल की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है.जिसमें एक दिव्यांग बच्चे भी हैं.इस संबंध में थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने बताया कि छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


