इस बार गुरुजी के बिना मनेगा 47वां झारखंड दिवस
झामुमो के गढ़ दुमका में आज शक्ति प्रदर्शन, गुरुजी की विरासत और 1.36 लाख करोड़ के हक की होगी मांग
झामुमो के 47वें झारखंड दिवस की तैयारी पूरी गांधी मैदान बनेगा भव्य समारोह का साक्षी
एस.के. झा.सुमन
दुमका। झारखंड मुक्ति मोर्चा आज सोमवार, 2 फरवरी को अपने 47वें झारखंड दिवस के अवसर पर उपराजधानी दुमका के ऐतिहासिक गांधी मैदान में अपनी ताकत का अहसास कराएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में आयोजित होने वाला यह समारोह इस बार कई मायनों में अलग और भावुक है, क्योंकि पार्टी अपने संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद पहली बार उनके बिना यह स्थापना दिवस मना रही है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर दुमका विधायक बसंत सोरेन ने खुद कमान संभाल रखी है। पूरे शहर को झंडे, बैनरों और भव्य तोरण द्वारों से पाट दिया गया है, जिससे शहर का कोना-कोना झामुमो के रंग में रंगा नजर आ रहा है। गांधी मैदान में एक विशाल मंच तैयार किया गया है, जहां से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जनता और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उनके साथ मंच पर कल्पना सोरेन समेत राज्य के कई मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे। राजनीतिक गलियारों में इस बार के संबोधन पर सबकी नजरें टिकी हैं।
संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री इस मंच से केंद्र सरकार के पास लंबित राज्य के 1.36 लाख करोड़ रुपये के बकाये, यूजीसी के नए नियमों और एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्र को घेर सकते हैं। संथाल परगना के सभी छह जिलों दुमका, साहिबगंज, जामताड़ा, देवघर, गोड्डा और पाकुड़ से हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया है। कार्यक्रम की शुरुआत शाम को झंडोत्तोलन के साथ होगी, जो देर रात तक एक पारंपरिक और राजनीतिक उत्सव के रूप में जारी रहेगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा के 47 वें झारखंड दिवस को लेकर पूरी उपराजधानी पार्टी के हॉर्डिंग, झंडे और पताकों से सज गयी है। सोमवार को दोपहर बाद अपराहन दो बजे एसपी कालेज से रैली निकाली जायेगी, जो सिदो कान्हू पोखरा चौक, टीन बाजार, मेन रोड होते हुए गांधी मैदान पहुंचेगी।सभा को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा पार्टी के कई नेता संबोधित करेंगे। गांधी मैदान में मंच को इस बार बड़ा आकर दिया गया है। मुख्य मंच के बगल में एक और मंच बनाया गया है।
गांधी मैदान में देर शाम सभा की शुरूआत परंपरा के मुताबिक शहीदों को श्रद्धांजलि देने और पार्टी के ध्वज फहराने से होगी। मध्य रात्रि के बाद तक यह आयोजन चलता रहता है। आयोजन के बावत पूरे रास्ते में विद्युत सजावट की गयी है।इस बार गुरूजी स्व शिबू सोरेन के जगह-जगह कट आउट लगाये गये हैं। मुख्यमंत्री सहित अन्य वीआइपी के आगमन को देखते हुए डीसी अभिजीत सिन्हा, एसपी पीतांबर सिंह खेरवार तमाम अधिकारियों के साथ सुरक्षा सहित विधि- व्यवस्था का जायजा लेने गांधी मैदान पहुंचे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।


