नई दिल्ली । यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ देश की सियासत गरमा गई है। यूजीसी ने देश के उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव को रोकने का हवाला देते हुए ये नियम तैयार किए हैं। सामान्य वर्ग के छात्रों के संगठनों ने सवाल उठाया कि क्या उनके लिए समानता के नियम लागू नहीं होते हैं? पक्ष और विपक्ष के नेता इस मुद्दे पर खुलकर नहीं बोल रहे हैं। छात्र यह भी कह रहे हैं कि नेता तो अपने बच्चों को विदेश में पढ़ाई के लिए भेज देते हैं और उन पर नए नियमों का कोई असर नहीं होगा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मामले को बढ़ता देख मोदी सरकार हरकत में आ रही है। यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है और शिक्षा मंत्रालय को कोर्ट के सामने तर्क देना होगा मंत्रालय इस मसले पर कानूनी सलाह भी ले रहा है। यूजीसी के नए नियम बीजेपी के लिए चुनौती बनते दिख रहे हैं, क्योंकि बीजेपी के अंदर ही इसका विरोध हो रहा है। बीजेपी के कई जिला और राज्य स्तर के पदाधिकारियों ने पद से इस्तीफा दे दिया है और लगातार सरकार से सवाल पूछ रहे हैं।
यूजीसी के नए नियम को जनरल कैटिगरी के लोगों के साथ भेदभाव वाला बताया जा रहा है। जनरल कैटिगरी के कई बीजेपी नेता सवाल उठा रहे हैं, जिस तरह लगातार विरोध और पत्र लिखकर विरोध जारी है, उससे सरकार के सामने दुविधा की स्थिति बन गई है। इस साल उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और यूजीसी का मुद्दा अगर इसी तरह चलता रहा तो ये बीजेपी के लिए दिक्कत खड़ी कर सकता है।






