टेलीविजन कला साहित्य में उत्कृष्ट योगदान पर मुंबई में हुआ सम्मान
देवघर। झारखंड की धरती से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाने वाली देवघर की बेटी जाह्नवी जस्मीन को टेलीविजन कला साहित्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 25 जनवरी 2026 को मुंबई के सहारा सेवन स्टार होटल में आयोजित दादा साहब फाल्के इंडियन टेलीविजन अवार्ड 2026 समारोह में प्रदान किया गया। इस भव्य आयोजन का आयोजन चेरिटेबल ट्रस्ट एवं पीयू प्रोडक्शन द्वारा किया गया था। समारोह में जाह्नवी जस्मीन को बेस्ट रिसर्चर और बेस्ट मॉडल ऑफ द ईयर अवार्ड भी प्रदान किया गया। टेलीविजन, कला और साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार 2026 से नवाजा गया। जाह्नवी जस्मीन अंग्रेजी विषय में स्नातकोत्तर हैं और वर्तमान में रांची स्थित सरला बिरला यूनिवर्सिटी में शोध कार्य कर रही हैं। उनकी एक पुस्तक मैग्निफिसेंट लाइफ एंड ग्रेट आउटडोर्स प्रकाशित हो चुकी है। इसके अलावा उनके कई शोध पत्र प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हैं। उन्होंने कई नामी ज्वैलरी ब्रांड्स का प्रचार भी किया है, जिनमें मुंबई की बिरला डायमंड कंपनी प्रमुख है। ज्ञात हो कि जाह्नवी जस्मीन को स्टार फॉरएवर प्रतियोगिता में मिसेज झारखंड 2025 का खिताब भी मिल चुका है। यह प्रतियोगिता 19 से 21 दिसंबर 2025 तक जयपुर के जी स्टूडियो में आयोजित की गई थी। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने देवघर ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड और बिहार का मान बढ़ाया है। इस वर्ष झारखंड और बिहार से उन्हें ही दादा साहब फाल्के पुरस्कार के लिए चुना गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री मोनिका बेदी रहीं। अपनी इस सफलता का श्रेय जाह्नवी जस्मीन ने अपनी कड़ी मेहनत और अपने पति आलोक सिंह को दिया है, जो मर्चेंट नेवी में अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। जाह्नवी जस्मीन देवघर महाविद्यालय के गणित विभाग के विभागाध्यक्ष एस एन सिंह की पुत्री हैं।
बताया जाता है कि जाह्नवी जस्मीन को कई टेलीविजन सीरियल में काम करने के प्रस्ताव भी मिले हैं, लेकिन उन्होंने शोध कार्य पूर्ण करने के बाद ही इस क्षेत्र में कदम रखने का निर्णय लिया है।


