नोएडा प्राधिकरण के सीईओ को तत्काल प्रभाव से हटाया
नई दिल्ली । ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की कार पानी से भरे गड्ढे में फंसने के कारण डूब गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय इलाके में भारी जलभराव था, जो स्थानीय प्रशासन और निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की है। टीम की कमान एडीजी, जोन मेरठ को दी गई है, जिसमें मंडलायुक्त मेरठ और पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर शामिल हैं। एसआईटी को पांच दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपनी होगी। एसआईटी हादसे के वास्तविक कारण, लापरवाही और जिम्मेदारी तय करेगी तथा भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के उपाय सुझाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि जांच में लापरवाही पाए जाने पर सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि जांच में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है।






