सरैयाहाट(दुमका): सरैयाहाट प्रखंड परिसर मैदान में शनिवार को आयोजित शिबू सोरेन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन एक बेहद रोमांचक खिताबी मुकाबले के साथ हुआ। फाइनल में डहुआ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाबूडीह को मात्र चार रनों के अंतर से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
टॉस जीतकर बाबूडीह ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी के लिए उतरी डहुआ की टीम ने निर्धारित ओवरों में 206 रनों का एक विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में बाबूडीह की टीम ने भी जोरदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया, लेकिन वे लक्ष्य से थोड़ा पीछे रह गए और 20 ओवर में 202 रन ही बना सके।
डहुआ की जीत में सरफराज का अहम योगदान रहा, जिन्होंने सर्वाधिक 63 रनों की आतिशी पारी खेली। गेंदबाजी में अशफाक ने 3 विकेट चटकाए। वहीं, बाबूडीह की ओर से काशिफ ने 51 रन बनाए और काजू ने 3 विकेट लिए। [1]
टूर्नामेंट में मोहम्मद जहांगीर को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ और फाइनल के ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार सरफराज को मिला।
मुख्य अतिथि महिला नेत्री बसंती मुर्मू ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे ग्रामीण स्तर के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाएं निखर कर सामने आती हैं। उन्होंने खेल को खेल की भावना से खेलने की बात कही। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि महेश मंडल, मुर्तजा अंसारी, राजेश चौधरी समेत आयोजन समिति के सदस्य मौजूद थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


