28 फरवरी तक आएंगे नतीजे, मतदान 24 और 25 फरवरी को होने की संभावना
रांची: झारखंड में नगर निकाय चुनाव का इंतज़ार खत्म होने वाला है। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी टाइमलाइन लगभग तय कर ली है और कार्यक्रम के औपचारिक ऐलान को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया 27 जनवरी से 28 फरवरी तक चलेगी।
सूत्रों के अनुसार, 27 जनवरी को चुनाव अधिसूचना जारी की जाएगी, जिसके साथ ही आचार संहिता लागू हो जाएगी और नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवारों के लिए 3 फरवरी तक नामांकन दाखिल करने की समय-सीमा तय की गई है। कागज़ों की जांच और नाम वापसी के बाद 10 फरवरी को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे, जिसके बाद प्रचार पूरी रफ्तार पकड़ेगा।
मतदान 24 और 25 फरवरी को दो दिनों में कराया जाएगा। राज्य भर में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों के लिए मतदान केंद्र तैयार किए जा रहे हैं। सुरक्षा बलों की तैनाती, वोटर सूची और सामग्री वितरण की तैयारी अंतिम चरण में है।
अंतिम चरण में 28 फरवरी को मतगणना और परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसी दिन नए जनप्रतिनिधियों के चयन का फैसला हो जाएगा और राज्य के शहरी निकायों में लंबे समय से चल रही प्रशासनिक अनिश्चितता समाप्त हो जाएगी।
फिलहाल सभी दलों और संभावित उम्मीदवारों ने चुनावी रणनीति तैयार करना शुरू कर दिया है और झारखंड का राजनीतिक माहौल अब गर्मा ने लगा है।
इन शहरी निकाय क्षेत्रों में होगा चुनाव
नगर निगम: रांची, हजारीबाग, मेदनीनगर, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, चास, आदित्यपुर और मानगो।
नगर परिषद: गढ़वा, विश्रामपुर, चाईबासा, झुमरी तिलैया, चक्रधरपुर, चतरा, चिरकुंडा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, गुमला, जुगसलाई, कपाली, लोहरदगा, सिमडेगा, मधुपुर, रामगढ़, साहिबगंज, फुसरो और मिहिजाम।
नगर पंचायत: बंशीधर नगर, मझिआंव, हुसैनाबाद, हरिहरगंज, छतरपुर, लातेहार, कोडरमा, डोमचांच, बड़की सरैया, धनवार, महगामा, राजमहल, बरहरवा, बासुकीनाथ, जामताड़ा, बुंडू, खूंटी, सरायकेला और चाकुलिया।


