जयपुर । राजधानी जयपुर के मानसरोवर इलाके में शुक्रवार रात पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र के खरबास सर्किल पर तेज रफ्तार ऑडी कार सड़क किनारे लगे फूड स्टॉल्स और ठेलों में घुस गई। हादसे में भीलवाड़ा के रहने वाले रमेश बैरवा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक स्टॉल पर काम करता था। इसके अलावा करीब 16 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार घायल मरीजों को छुट्टी दे दी गई। गंभीर घायलों को रेफर किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट में प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के हवाले से बताया गया है कि सफेद ऑडी कार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सड़क पर दौड़ रही थी। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे फूड स्टॉल्स में घुस गई। कार ने करीब 30 मीटर तक तबाही मचाई। ठेले उलट गए, खाने-पीने की सामग्री सड़क पर बिखर गई और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कार आखिर में 100 फीट दूर एक पेड़ से टकराकर रुक गई। जयपुर में जिस ओडी कार ने 16 लोगों को कुचला उस कार में सवार एक पुलिसकर्मी समेत चारों आरोपी ओडी के एयरबैग खुलने से बच गए। ओडी का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कांच टूटकर बिखर गए।
जयपुर के पुलिस कमिश्नर ने बताया कि हादसे में शामिल सफेद ऑडी कार दमन और दीव यूनियन टेरिटरी की नंबर प्लेट वाली है। कार श्री रामकृष्ण चैरिटेबल ट्रस्ट के नाम पर रजिस्टर्ड है।
कार दिनेश कुमार रणवा चला रहा था। वह शराब के नशे में था और हादसे के बाद फरार हो गया। कार चालक के बारे में बताया जा रहा है कि वह सोलर का कारोबार करता है, कार में कुल 3-4 लोग सवार थे। हालांकि कार से रेसिंग कर रहे थे या नहीं इसकी जांच चल रही है। पुलिस ने एक पुलिस कर्मी समेत दो को गिरफ्तार किया है। हालांकि मुख्य आरोपी दिनेश समेत दो फरार चल रहे हैं, जिसकी तालाश पुलिस कर रही है।
पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर ऑडी कार को जब्त कर लिया है। डीसीपी ने कहा कि पूरे मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक जांच और गवाह के बयानों के आधार पर की जा रही है। आरोपी और ड्राइवर की तलाश जारी है। घटनास्थल के आस-पास उलटे ठेले, बिखरे जूते-चप्पल और अफरा-तफरी वाला नजारा देखने को मिला। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे घटना स्थल से दूर रहें और जांच में सहयोग करें।






