जयपुर । राजस्थान में मिड डे मिल योजना में 2000 करोड़ से अधिक के घोटाले का खुलासा हुआ है। कोविड-19 के दौरान स्कूल बंद रहने पर राज्य सरकार ने विद्यार्थियों को पोषण उपलब्ध कराने के लिए कॉनफैड के माध्यम से दाल, तेल, मसाले आदि युक्त कॉम्बो पैकेट्स वितरित किए थे। एफएसएसएआई और एगमार्क मानकों के अनुरूप होने का दावा किया गया, लेकिन योजना के क्रियान्वयन में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायतें मिलने पर एसीबी ने जांच शुरू की।
ACB की जांच में पता चला कि कॉनफैड के अधिकारी और योजना से जुड़े अधिकारी आपस में मिलीभगत कर नियमों में बदलाव करते रहे। इसके तहत पात्र फर्मों को टेंडर प्रक्रिया से बाहर किया और चहेती फर्मों को अनुचित लाभ पहुँचाकर टेंडर दे दिए गए है। इन फर्मों ने आगे अन्य संस्थाओं को अवैध रूप से सबलैट किया और फर्जी आपूर्तिकर्ताओं और ट्रांसपोर्टरों का नेटवर्क तैयार किया। कई मामलों में वास्तविक आपूर्ति किए बिना ही अधिक दरों के फर्जी बिल तैयार कर सरकारी भुगतान लिया है। इस तरह से राजस्थान सरकार को लगभग 2000 करोड़ रुपये का वित्तीय नुकसान हुआ। जांच एजेंसी एसीबी ने मामले में कॉनफैड के सहायक लेखाधिकारी, प्रबंधक, गोदाम कीपर, सुपरवाइज़र और अन्य अधिकारियों के साथ-साथ तिरुपति सप्लायर्स, जागृत एंटरप्राइजेज, एमटी एंटरप्राइजेज और साई ट्रेडिंग के मालिकों सहित कुल 21 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि आरोपियों की भूमिका, वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की कूटरचना की गहन जांच जारी है। दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला मिड डे मिल योजना में होने वाले बड़े पैमाने के घोटाले और सरकारी धन के दुरुपयोग को उजागर करता है और यह दर्शाता है कि कैसे महामारी के दौरान भी भ्रष्टाचार का अवसर इस्तेमाल किया गया।
इनके खिलाफ मामला दर्ज
प्रकरण में संलिप्त पाए जाने पर योजना अवधि के दौरान पदस्थापित निम्नलिखित व्यक्तियों और संस्थाओं के विरुद्ध एसीबी में मामला दर्ज किया गया है उक्त प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर योजना की अवधि के दौरान पदस्थापित सांवतराम (सहायक लेखाधिकारी, कॉनफैड), राजेन्द्र (प्रबंधक, नागरिक आपूर्ति, कॉनफैड), लोकेश कुमार बापना (प्रबंधक, नागरिक आपूर्ति, कॉनफैड), प्रतिभा सैनी (सहायक प्रबंधक, कॉनफैड), योगेन्द्र शर्मा (प्रबंधक, आयोजना, कॉनफैड), राजेन्द्र सिंह शेखावत (प्रबंधक, कॉनफैड), रामधन बैरवा (गोदाम कीपर, मार्केटिंग अनुभाग, कॉनफैड), दिनेश कुमार शर्मा (सुपरवाइजर, मार्केटिंग अनुभाग, कॉनफैड), कंवलजीत सिंह राणावत, मधुर यादव, त्रिभुवन यादव, सतीश मुलचंद व्यास, दीपक व्यास, रितेश यादव, शैलेश सक्सैना (रीजनल मैनेजर, केन्द्रीय भण्डार), बी.सी. जोशी (डिप्टी मैनेजर, केन्द्रीय भण्डार), चंदन सिंह (सहायक मैनेजर, केन्द्रीय भण्डार) सहित मैसर्स तिरूपति सप्लायर्स, मैसर्स जागृत एंटरप्राइजेज, मैसर्स एमटी एंटरप्राइजेज और मैसर्स साई ट्रेडिंग के प्रोपराइटर के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, राजस्थान में प्रकरण दर्ज किया गया है।






