पुणे । महाराष्ट्र के पुणे में एक कोर्ट का फैसला इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल 1974 में दर्ज एक घड़ी चोरी के केस में, आरोपी को सबूतों के अभाव में 51 साल बाद बरी कर दिया गया है। खबर है कि पुणे कोर्ट ने एक व्यक्ति को 51 साल बाद कलाई घड़ी, चार रुपये और एक रूमाल चोरी करने के आरोप में बरी किया है। कोर्ट ने यह फैसला सबूतों के अभाव और गवाहों के न होने के कारण सुनाया है। अब यहां सवाल ये उठता है कि न्याय मिलने में उक्त शख्स को 51 साल क्यों लग गए ?
* क्या है मामला?
1974 में पुणे के बंडगार्डन पुलिस स्टेशन में चोरी का एक केस दर्ज किया गया था। इस केस में गुलाब शाहू जाधव, मुकुंदा केरबा वाघमारे और राजाराम तुकाराम काले के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इस मामले में गुलाब शाहू जाधव और मुकुंद करबा वाघमारे को जुर्म कबूल करने के बाद 10 अप्रैल 1975 को दोषी ठहराया गया था, जबकि राजाराम काले फरार था। 51 साल से ज्यादा समय तक फरार रहने के बावजूद ठोस सबूतों के अभाव में पुणे कोर्ट के प्रथम वर्ग न्यायदंडाधिकारी एन.जे. चव्हाण ने 26 दिसंबर 2025 को राजाराम काले के खिलाफ सभी वारंट रद्द करते हुए उसे बरी करने का आदेश दिया है। पदभार संभालने के बाद न्यायधीश चव्हाण ने पुराने और प्रलंबित मामलों की समीक्षा शुरू की। उसी के तहत यह मामला सामने आया और इस मामले में शिकायत करने वालों और गवाहों को फिर से नोटिस और वारंट जारी किए गए। हालांकि, कोई भी कोर्ट में पेश नहीं हुआ। आखिरकार 50 साल से ज्यादा समय तक फरार रहने के बावजूद ठोस सबूतों के अभाव में कोर्ट ने राजाराम काले के खिलाफ सभी वारंट रद्द करते हुए उसे बरी करने का आदेश दिया है।






