जांच रिपोर्ट के आधार पर कुलपति ने लिया फैसला
जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे होगी कार्रवाई : कुलसचिव
दुमका। सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय एसकेएमयू, दुमका में एक महिला शिक्षक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर मनोविज्ञान विभाग, संताल परगना कॉलेज, दुमका में पदस्थापित सहायक प्रोफेसर डॉ. विनोद कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
विश्वविद्यालय द्वारा शनिवार को जारी अधिसूचना के अनुसार यह कार्रवाई झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 2000 की धारा 10(18) के तहत की गई है। निलंबन अवधि के दौरान डॉ. शर्मा का मुख्यालय बी.एस.के. कॉलेज, बरहरवा निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित महाविद्यालय को डॉ. शर्मा को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने का निर्देश दिया है। साथ ही एसकेएमयू के सभी स्नातकोत्तर विभागाध्यक्षों, अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों तथा विश्वविद्यालय के वैधानिक एवं गैर-वैधानिक पदाधिकारियों को भी इसकी सूचना भेज दी गई है।
इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रक्रिया के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
वहीं, इस संबंध में पूछे जाने पर कुलसचिव डॉ. राजीव रंजन शर्मा ने बताया कि महिला शिक्षक की शिकायत एवं जांच समिति की रिपोर्ट के आलोक में कुलपति द्वारा यह निर्णय लिया गया है।


