दुमका । संताल परगना स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को रानीश्वर प्रखंड क्षेत्र देशभक्ति और शौर्य के नारों से गूंज उठा। भारत सेवाश्रम संघ, स्वामी प्रणवानंद विद्या मंदिर पाथरा तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में पाथरा परिसर से संताल काटा पोखर, दिगुली तक भव्य पदयात्रा निकाली गई।
पदयात्रा का शुभारंभ माझी बाबा कंपनी मुर्मू एवं भारत सेवाश्रम संघ के सचिव स्वामीजी नित्यव्रतानंद जी ने संयुक्त रूप से झंडा दिखाकर किया। यह पदयात्रा पाथरा ग्राम, रानीश्वर ग्राम एवं रानीश्वर बाजार होते हुए दिगुली स्थित हुल आंदोलन के ऐतिहासिक स्थल संताल काटा पोखर पहुँची।
संताल काटा पोखर पहुंचकर अमर शहीद सिदो–कान्हू मुर्मू, चाँद–भैरव मुर्मू, फूलो–झानो मुर्मू सहित अन्य गुमनाम शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर
“सिदो–कान्हू अमर रहें”,
“चाँद–भैरव अमर रहें”,
“फूलो–झानो अमर रहें”,
“संताल काटा पोखर के गुमनाम शहीद अमर रहें”,
“संताल परगना जीतकर (जय)”
जैसे गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गूंजमय हो उठा। पदयात्रा में शामिल जनसमूह में उत्साह, जोश और शहीदों के प्रति गहरी श्रद्धा स्पष्ट रूप से दिखाई दी। आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ-साथ गांव के लेखा होड़ माझी बाबा, नायकी, गुडित, योग माझी आदि ने अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि संताल परगना के वीर शहीदों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें अपने गौरवशाली इतिहास से सीख लेकर समाज, संस्कृति और मातृभूमि की रक्षा के लिए सदैव कर्तव्यनिष्ठ रहना चाहिए।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिनन्दन मुर्मू, कालेश्वर मरांडी, रणजीत राउत, बोध बोदरा, गोविन्द यादव, पार्थ राउत, प्रमिला टुडू, प्रणव कुमार भकत, प्रशांत कुमार मुर्मू, शामु हांसदा, सेमल मुर्मू, शिबू मुर्मू सहित विद्यालय के छात्र, उनके अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




