गैस डीलर लापता, पुलिस ने कराया सुरक्षित बरामद
मुंबई । मलाड के निवासी राहुल गुप्ता (39), जो भारत पेट्रोलियम गैस के बड़े डीलर हैं, 15 दिसंबर को अचानक घर से लापता हो गए। उनकी पत्नी ने दिंडोशी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पांच दिन की खोजबीन के बाद 19 दिसंबर को उन्हें पालघर के दहानू रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद किया। राहुल ने पुलिस को बताया कि उनके गैस गोदाम में कुछ वर्षों से प्रवीण खेडेकर नामक व्यक्ति चंदा मांगता रहा। सितंबर-ऑक्टूबर में उन्होंने झूठे बहाने से राहुल से कुल 10,600 रुपए लिए। इसके बाद अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को मुंबई पुलिस का जॉइंट कमिश्नर बताया।

आरोप लगाया गया कि राहुल ने खेडेकर की हत्या के लिए सुपारी दी। डर के चलते राहुल ने नकद और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए कुल करीब 1 करोड़ रुपए ठगों को दे दिए। ठगों ने राहुल को बार-बार धमकाया कि यदि पैसे नहीं दिए तो उनका एनकाउंटर कर दिया जाएगा और परिवार को नुकसान होगा। अंधेरी फ्लाईओवर और बीएमसी गार्डन के पास नकद लेने के कई मौके बने। 14 दिसंबर को बड़ी रकम की मांग के बाद राहुल मानसिक रूप से टूटकर घर से चले गए। दिंडोशी पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस कॉल डिटेल्स, बैंक ट्रांजैक्शन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संगठित गिरोह की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने जनता से चेतावनी दी है कि कभी भी अज्ञात नंबर से धमकी देने वाले को पैसे न भेजें और संदेह होने पर सीधे पुलिस से संपर्क करें।





