एस.के. झा. ‘सुमन’
दुमका। नगरपालिका चुनाव 2025 को लेकर बासुकीनाथ नगर पंचायत में सियासी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। दुमका जिला प्रशासन द्वारा मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के साथ ही चुनावी रणभूमि पूरी तरह सज चुकी है। इस बार चुनाव की सबसे दिलचस्प और निर्णायक कड़ी किसी बड़े नेता या बड़े वादे से नहीं, बल्कि पुरुष और महिला मतदाताओं की लगभग बराबर संख्या से तय होती दिख रही है, जिसने पूरे चुनाव को बेहद रोचक और अनिश्चित बना दिया है।
12 वार्डों वाली नगर पंचायत बासुकीनाथ में कुल 14,254 मतदाता हैं, जिनके लिए 19 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। खास बात यह है कि महिला मतदाताओं की मजबूत और संतुलित भागीदारी ने चुनावी गणित को पूरी तरह बदल दिया है। अब प्रत्याशी केवल परंपरागत मुद्दों या प्रभावशाली चेहरों के सहारे नहीं, बल्कि महिला वोटरों के भरोसे और मुद्दों पर अपनी जीत की रणनीति गढ़ने में जुटे हैं।
चुनावी विश्लेषकों का मानना है कि इस बार शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और महिला सुरक्षा जैसे सवाल निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। मातृशक्ति की सक्रियता ने यह साफ कर दिया है कि अब यह चुनाव केवल सत्ता की लड़ाई नहीं, बल्कि समान भागीदारी और जागरूक लोकतंत्र की परीक्षा भी है।
प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मतदान केंद्रों के वर्गीकरण की प्रक्रिया पूरी कर आयोग को भेज दी गई है, जिसमें सामान्य और संवेदनशील केंद्रों का निर्धारण शामिल है। उपायुक्त ने जानकारी दी कि मतगणना के लिए दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज में बज्रगृह स्थापित किया जाएगा। साथ ही नगर निकाय क्षेत्रवार डिस्पैच की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई है। नगर पंचायत बासुकीनाथ के लिए जरमुंडी प्रखंड अंतर्गत उपयुक्त स्थल चयन के निर्देश दिए गए हैं। कुल मिलाकर, बासुकीनाथ का यह चुनाव सत्ता परिवर्तन से कहीं अधिक जनभागीदारी और महिला सशक्तिकरण का आईना बनने जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन मातृशक्ति का विश्वास जीतकर विजय की माला पहनता है।
————————————
बासुकीनाथ नगर पंचायत का चुनाव होगा दिलचस्प
लोकतंत्र का अद्भुत संतुलन, महिला और पुरुष मतदाताओं की संख्या बराबर बासुकीनाथ। नगर पंचायत बासुकीनाथ की अद्यतन मतदाता सूची ने इस बार एक दिलचस्प आँकड़ा देखने को मिल रहा है। नगर के कुल 12 वार्डों में मतदाताओं का वितरण न केवल संतुलित है, बल्कि महिला और पुरुष भागीदारी के मामले में यह “समानता” की एक नई मिसाल पेश कर रहा है।
———————-
आधी आबादी का पूरा हक
स्त्री-पुरुष मतदाता
ताजा आंकड़ों के अनुसार, बासुकीनाथ नगर पंचायत में कुल 14,254 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 7,127 पुरुष और ठीक इतनी ही संख्या में यानी 7,127 महिला मतदाता शामिल हैं। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में स्त्री-पुरुष की यह शत-प्रतिशत समान संख्या क्षेत्र में बढ़ती राजनीतिक जागरूकता और समावेशी विकास का प्रमाण है।
————————
वार्डों का कैसा है समीकरण
वार्ड-1 सबसे बड़ा, वार्ड-9 सबसे छोटा चुनावी दृष्टि से वार्डों का विश्लेषण करें तो वार्ड संख्या-1 सबसे बड़ा निर्वाचन क्षेत्र बनकर उभरा है, जहाँ सर्वाधिक 1,572 मतदाता है जिसमें 794 पुरुष, 778 महिला अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं, वार्ड-9 में सबसे कम 796 मतदाता दर्ज हैं।
———————-
प्रमुख बड़े वार्ड
वार्ड-8: 1,512 मतदाता
वार्ड-5: 1,413 मतदाता
वार्ड-11: 1,327 मतदाता
वार्ड-4: 1,309 मतदाता
—————–
6 वार्डों में आधी आबादी का दबदबा
दिलचस्प बात यह है कि कुल 12 वार्डों में से आधे वार्डों वार्ड-3, 4, 6, 9, 11 और 12 में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। वहीं, वार्ड-7 समानता का अद्भुत केंद्र बना हुआ है, जहाँ पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या बिल्कुल बराबर 532-532 है।
——————-
निर्णायक होगा आगामी चुनाव
मतदाताओं का यह संतुलित वितरण और कई वार्डों में महिलाओं की बढ़त आगामी नगर पंचायत चुनाव को बेहद रोचक और चुनौतीपूर्ण बनाने वाली है। कम मतदाताओं वाले वार्डों में जहाँ एक-एक वोट की कीमत बढ़ गई है, वहीं बड़े वार्डों में उम्मीदवारों को कड़ी मशक्कत करनी होगी।
—————


