बीसी-I और बीसी-II के 94 हजार से अधिक मतदाता बनेंगे निर्णायक शक्ति
शेखर सुमन
देवघर। नगर निगम क्षेत्र से प्राप्त नवीनतम आंकड़ों के विश्लेषण से यह स्पष्ट होता है कि देवघर नगर निगम सामाजिक रूप से अत्यंत संतुलित और मिश्रित क्षेत्र है, जहाँ पिछड़ा वर्ग यानी बीसी-I और बीसी-II मिलकर सबसे मजबूत और प्रभावशाली मतदाता समूह बनाते हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार कुल 36 वार्डों में दोनों वर्गों के संयुक्त मतदाता 94 हजार 715 हैं, जिनमें बीसी-I के 47 हजार 311 और बीसी-II के 47 हजार 404 वोटर शामिल हैं। इस संतुलन के कारण नगर निगम क्षेत्र में इन दोनों वर्गों की भूमिका आने वाले चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वार्डवार आंकड़ों को देखें तो कई वार्डों में बीसी-I की संख्या स्पष्ट रूप से अधिक है। उदाहरणस्वरूप वार्ड 1 में 2439 बीसी-I और 1369 बीसी-II, वार्ड 3 में 2025 और 1365, वार्ड 4 में 2380 और 433, वार्ड 9 में 2842 और 1035, वार्ड 11 में 2509 और 921, वार्ड 24 में 723 और 1373, वार्ड 25 में 1853 और 1550 तथा वार्ड 33 में 1832 और 149 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इसके विपरीत कुछ वार्ड ऐसे हैं जहाँ बीसी-II का प्रभाव स्पष्ट रूप से अधिक है। इनमें वार्ड 12 में 900 बीसी-I और 2125 बीसी-II, वार्ड 20 में 727 और 3128, वार्ड 23 में 366 और 1543, वार्ड 27 में 850 और 2072, वार्ड 29 में 1155 और 3066, वार्ड 30 में 462 और 1982 तथा वार्ड 19 में 1493 और 2426 मतदाता शामिल हैं।

विशेष रूप से वार्ड 19, 20, 23, 27 और 29 को बीसी-II प्रभाव वाले वार्ड माना जा रहा है। वहीं कुछ वार्ड ऐसे भी हैं जहाँ दोनों वर्गों की संख्या लगभग समान है, जैसे वार्ड 8, 14, 31, 35 और 36। कुल प्रतिशत के आधार पर देखें तो नगर निगम में बीसी-I का हिस्सा लगभग 49 दशमलव 9 प्रतिशत और बीसी-II का हिस्सा 50 दशमलव 1 प्रतिशत है, जो दोनों वर्गों के लगभग बराबर प्रभाव को दर्शाता है। नगर निकाय चुनाव के ठीक पहले ओबीसी आरक्षण लागू होने की संभावना ने शहर की राजनीतिक चर्चा को तेज कर दिया है। देवघर नगर निगम में कुल 1 लाख 80 हजार 691 मतदाता हैं, जबकि मधुपुर नगर परिषद क्षेत्र में 47 हजार 204 वोटर पंजीकृत हैं। आरक्षण लागू होने के बाद कई वार्डों की श्रेणी बदलने की संभावना जताई जा रही है, जिससे मौजूदा पार्षदों की स्थिति प्रभावित हो सकती है और कई नए चेहरे चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
विशेष ध्यान देने योग्य तथ्य यह है कि झारखंड में नगर निकाय चुनाव दलगत नहीं होते। किसी भी राजनीतिक दल का अधिकृत चुनाव चिन्ह नहीं होता और सभी प्रत्याशी स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ते हैं। ऐसे में आरक्षण बदलने से स्थानीय जातीय-सामाजिक समीकरण और मजबूत हो जाते हैं तथा प्रत्याशी चयन पूरी तरह व्यक्ति आधारित हो जाता है। बीसी वर्ग की मजबूत उपस्थिति को देखते हुए संभावित आरक्षण परिवर्तन राजनीतिक महत्व को और बढ़ा देता है। शहर भर में चर्चा का मुख्य विषय यह है कि किस वार्ड में कौन-सी श्रेणी लागू होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि ओबीसी आरक्षण लागू होने के बाद देवघर नगर निगम में सत्ता संतुलन की दिशा पूरी तरह बदल सकती है, विशेषकर उन वार्डों में जहाँ बीसी-I या बीसी-II का वर्चस्व 60 प्रतिशत से अधिक है। यदि महिला ओबीसी संयुक्त श्रेणी लागू की जाती है, तो कई वार्डों में नए, युवा और पहली बार राजनीति में कदम रखने वाले नेतृत्व के उभरने की प्रबल संभावना है। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं और उम्मीद है कि नई आरक्षण सूची जल्द ही अधिसूचित कर दी जाएगी। नगर निगम क्षेत्र की जनता भी लंबे समय से सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और स्थानीय नेतृत्व में विविधता की मांग उठाती रही है। ऐसे में ओबीसी आरक्षण का विस्तार नगर निगम की राजनीति में बड़े बदलाव की भूमिका तय करेगा। अंतिम सूची जारी होते ही शहर का चुनावी माहौल और अधिक गर्माने वाला है।



