लोक अदालत बनी त्वरित न्याय की उम्मीद, एक मंच पर मिलीं अनेक सेवाएं
न्याय, जागरूकता और विकास का संगम: दुमका में राज्य स्तरीय एम्पावरमेंट कैंप
ब्यूरो

दुमका। शहर के कन्वेंशन सेंटर में शनिवार को राज्य स्तरीय लीगल सर्विसेज कम एम्पावरमेंट कैंप का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने वर्चुअल माध्यम से पूरे राज्य में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन किया।
मुख्य न्यायाधीश ने अपने संबोधन में कहा कि न्याय केवल न्यायालयों की चारदीवारी तक सीमित न रहकर आम नागरिकों के जीवन में महसूस होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा एवं सशक्तिकरण शिविरों के माध्यम से न्यायपालिका समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, समानता और गरिमा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। लोक अदालत को उन्होंने आपसी सौहार्द, विश्वास और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम बताया।
झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद ने डायन प्रथा और अंधविश्वास पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि डायन जैसी कोई चीज नहीं होती, यह केवल अज्ञानता का परिणाम है। उन्होंने महिलाओं और कमजोर वर्गों के खिलाफ हो रही हिंसा के विरुद्ध समाज से जागरूक होकर आवाज उठाने की अपील की।
उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति आनंद सेन ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से लोगों को त्वरित, सरल और सुलभ न्याय मिल रहा है। उन्होंने ‘एक्सेस टू जस्टिस’ की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि सामाजिक या आर्थिक स्थिति के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए।
दुमका न्यायमंडल के प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक बाधाओं को दूर कर समय पर लाभ पहुंचाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने बाल श्रम और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इनके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से कानूनी जागरूकता, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आजीविका और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान बड़ी संख्या में लाभुकों को मुआवजा राशि, पेंशन स्वीकृति पत्र, स्वास्थ्य कार्ड, आवास की चाबी, वित्तीय सहायता, श्रवण यंत्र, वन अधिकार पट्टा, पशुधन एवं कुक्कुट पालन सहायता सहित विभिन्न योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया।
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने जिले में संचालित विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रशासन द्वारा जनहित में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया। स्वागत भाषण झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थान ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुधांशु कुमार शशि ने किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य न्यायाधीश ने झालसा द्वारा तैयार प्रचार सामग्री का विमोचन किया तथा विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर कर्मियों का उत्साहवर्धन किया।



