देश के विकास में झारखंड की अहम भूमिका रही है लेकिन बदले में हमे धूल,मिट्टी, पलायन और प्रदूषण मिल रहा है
रांची । मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शीतकालीन सत्र के समापन भाषण में विपक्ष को निशाने पर रखा। उन्होंने कहा कि मुद्दाविहीन विपक्ष के पास राज्य से संबंधित कोई भी सवाल नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सरकार के कामों का आइना दिखाना है, लेकिन ये सदन से गायब हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के अभी एक साल पूरे नहीं हुए हैं। लेकिन एक साल में लंबी और गाढ़ी लकीर खींच दी है। राज्य ने सर्वांगीण विकास की राह में तेजी से चलना शुरू कर दिया है। यह शीतकालीन सत्र ही नहीं बल्कि न भूलने वाला विधानसभा का 25वां वर्ष भी है। युवा राज्य ऊर्जा से लवरेज और आगे बढऩे को तत्पर है। सत्र शुरू होने से लेकर समाप्ति तक विपक्ष के गायब रहने के पीछे कई कारण हैं। उनके पास न मुद्दा है, न सवाल है न तर्क है और न संवेदना है।

विपक्ष ने सवालों से घेरने का प्रयास भी नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने पहले छात्रवृत्ति का मुद्दा उठाया, लेकिन इसमें भी केंद्र सरकार का सौतेला व्यवहार परिलक्षित हो रहा है। विपक्ष को सवाल उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। अपने आला-नेताओं से विचार-विमर्श करना चाहिए। विपक्ष की ओर से राज्य के कई बजट में भी कटौती कराई गई तो कई स्कूलों को बंद करा दिया गया। केंद्र सरकार ने दलित आदिवासी पिछड़ों के साथ अनुसूचित जाति को उच्च शिक्षा में मिलने वाली छात्रवृत्ति में 90 फीसदी, विदेश छात्रवृत्ति में 95 फीसदी, अल्पसंख्यक प्री मैट्रिक में 40 फीसदी, पोस्ट मैट्रिक में 63 फीसदी, मेधा आधारित छात्रवृत्ति टेक्नीकल और व्यवसायिक में 75 फीसदी और तकनीकी शिक्षण संस्थान के अनुदान में 61 फीसदी की कटौती कर दी। ऐसी स्थिति में विपक्ष की मांग उचित नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 7721 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश हुआ है। विपक्ष की ओर से इसमें बढ़ोत्तरी का सुझाव होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि देश के विकास में झारखंड की अहम भूमिका रही है। यहां से रेलवे को देश भर से सबसे अधिक राजस्व मिलता है। लेकिन इसके बदले हमें धूल मिट्टी पलायन और प्रदूषण मिलता है।
————————————————————————————————————
संथाल में दो अधिकारियों के बूते हो रहा सर्वे का काम, 50 वर्षों से काम पेंडिंग : हेमलाल
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक हेमलाल मुर्मू ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन गुरुवार को संथाल परगना प्रमंडल में पिछले 50 वर्षों से हो रहे सर्वे सेटलमेंट के अधूरे काम का मुददा उठाया। उन्होंने ध्यानाकर्षण सूचना के तहत कहा कि संथाल में 1973 से सर्वे सेटलमेंट का काम हो रहा है, लेकिन यह अब तक पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के 12273 गांवों का सर्वे होना है। इसमें से केवल 687 गांवों का ही सर्वे हुआ है। शेष 11586 गांवों का सर्वे का काम लंबित है। विधायक ने कहा कि प्रमंडल में 25 के मुकाबले महज दो सहायक बंदोबस्त पदाधिकारियों के बूते यह कार्य हो रहा है। उन्होंने सरकार से संथाल में सहायक बंदोबस्त? पदाधिकारियों की नियुक्ति कर जल्द सर्वे का काम पूरा कराने की मांग की। इसके जवाब में भू राजस्व मंत्री दीपक बिरूवा ने कहा कि मानव संसाधान की कमी के कारण सर्वे का काम नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के अन्य प्रमंडलों में भी सर्वे का काम लंबित है। मंत्री ने कहा कि राज्य में सीआई की परीक्षा का परिणाम जल्द आ जाएगा और कुछ पद प्रोन्?नति देकर भी भरी जाएगी और सर्वे का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखड में सर्वे को लेकर अधिकारियों की टीम केरल और कर्नाटक भी गई थी। इस काम के लिए ड्रोन की मदद भी ली जा रही थी, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण इसे रोकना पडा। मंत्री ने कहा कि वे कुछ सहायक बंदोबस्त पदाधिकारियों की नियुक्ति कर संथाल में सर्वे के काम में तेजी लाने का प्रयास करेंगे। ताकि सर्वे का काम जल्द पूरा हो सके।
————————————————————————————————————
आलोक सोरेन ने दुमका में केंद्रीय विवि और ट्रॉमा सेंटर खोलने की उठाई आवाज
शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के युवा विधायक आलोक कुमार सोरेन ने झारखंड विधानसभा के पटल पर दुमका की दो प्रमुख और लंबे समय से लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए दुमका में एक केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना और शिकारीपाड़ा में एक अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर खोलने की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया है। विधायक सोरेन ने सदन को बताया कि संथाल परगना के युवाओं को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए मजबूरन रांची या अन्य राज्यों में पलायन करना पड़ता है। दुमका में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना न केवल इस पलायन को रोकेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र के छात्रों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध के नए द्वार खोलेगी। स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाते हुए, सोरेन ने शिकारीपाड़ा में ट्रॉमा सेंटर के अभाव की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि गंभीर दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को अक्सर प्राथमिक उपचार के अभाव में रांची रेफर करना पड़ता है, जिससे बहुमूल्य समय बर्बाद होता है और कभी-कभी मरीजों की जान भी चली जाती है। एक ट्रॉमा सेंटर की स्थापना से स्थानीय लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सेवाएँ समय पर मिल सकेंगी। आलोक सोरेन ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा, जनता की समस्याओं का स्थायी, प्रभावी और जन-आकांक्षाओं के अनुरूप समाधान मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राज्य सरकार से इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्रता से निर्णय लेने और ठोस कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
————————————————————————————————————
राजनीतिक बहस के बीच असंगत शब्दों का प्रयोग संसदीय मर्यादा के अनुकूल नहीं : स्पीकर
शीतकालीन सत्र के समापन भाषण में विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) रबींद्र नाथ महतो ने गुरुवार को कहा कि इस सत्र के दौरान कई बार तीखी राजनीतिक बहसों के बीच कुछ कठोर या असंगत शब्दों का प्रयोग हुआ, जो हमारी संसदीय मर्यादा के अनुकूल नहीं कहा जा सकता है। लोकतंत्र में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन विचारों की कठोरता, भाषा की कठोरता में परिवर्तित न हो यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस सत्र की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि द्वितीय अनुपूरक बजट का पारित होना रही। इस अनुपूरक बजट में महिला एवं बाल विकास विभाग को पर्याप्त प्राथमिकता देते हुए आवंटन किया गया है। यह निर्णय राज्य सरकार की सामाजिक-न्याय, पोषण, महिला-सशक्तिकरण और बाल अधिकारों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। यह स्वागतयोग्य कदम झारखंड के सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करेगा और हमारी अगली पीढ़ी के स्वास्थ्य और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस सत्र में हुई चर्चाएं, प्रश्नोत्तर, ध्यानाकर्षण सूचनाएं, संकल्प और विभिन्न विधायी प्रक्रियाएं झारखंड के विकास, को गति देने में निश्चित रूप से सहायक होंगी। राज्यवासियों को आगामी नव वर्ष 2026 और झारखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक सोहराय पर्व, बंधना-खुंटांव, मकर सक्रांति और क्रिसमस की हार्दिक बधाई देता हूं। उन्?होंने कहा कि हमारे राज्य की विविधता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है और ये पर्व हमें सौहार्द, सहयोग, करूणा और आपसी सम्मान की भावना को अधिक मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। पर्व केवल उत्सव नहीं बल्कि समाज को जोडऩे वाले सेतु हैं। मेरी कामना है कि यह अवसर झारखंड में शांति, भाईचारा समृद्धि और सामाजिक एकता को और सुदृढ़ करे। इसके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष ने विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकालीन के लिए स्थगित कर दी। शीतकालीन सत्र की फैक्ट फाइल -इस सत्र के दौरान कुल 301 प्रश्न स्वीकार किए गए, जिनमें से 121 अल्पसूचित, 148 तारांकित, और 32 अतारांकित प्रश्न शामिल रहे। -अल्पसूचित 118 तथा तारांकित 147 प्रश्नों के उत्तर विभागों से प्राप्त हुए। -अल्पसूचित 03, तारांकित 01 तथा अतारांकित 32 प्रश्नों के उत्तर विभागों के पास लंबित हैं. इस सत्र में कुल 129 शून्यकाल प्राप्त हुए, जिसमें से 94 सदन में पढ़ी गई. -कुल 42 ध्यानाकर्षण सूचनाएं प्राप्त हुई, जिनमें से 20 स्वीकृत हो पाया, 12 का उत्तर सदन में प्राप्त, एक सूचना अप्रस्तुत और 7 सूचनाएं प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति को सुपुर्द की जाएगी। -इस सत्र में कुल 39 गैर-सरकारी संकल्प सदन के समक्ष आए।
————————————————————————————————————
सदन में कुशवाहा मेहता-देवेंद्र कुंवर ने उठाया ओबीसी आरक्षण का मुद्दा
विधानसभा शीतकालीन सत्र के दौरान गुरुवार को राज्य में ओबीसी आरक्षण शून्य करने से संबंधित मामले को भाजपा के विधायक कुशवाहा शशिभूषण मेहता और विधायक देवेंद्र कुंवर ने गैर संकल्प के तहत सदन में उठाया। इसपर विभाग की ओर से तीन प्रभारी मंत्रियों दीपक बिरूआ, सुदिव्य कुमार और राधाकृष्ण किशोर ने बारी बारी से जवाब दिया। मामले पर मंत्री राधा कृष्ण ने कहा कि ओबीसी आरक्षण मामले में हेमंत सरकार भी चिंतित है। मामले पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इसके पूर्व विधायक देवेंद्र कुंवर ने मामला को उठाते हुए कहा कि संथाल परगना प्रमंडल में पिछड़ों और अति पिछड़ों की आबादी कुल आबादी का 60 प्रतिशत से अधिक है। लेकिन आरक्षण शून्य होने से इस बड़ी आबादी का अस्तित्व खतरे में है। वहीं मामले में विधायक कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने कहा कि ओबीसी की आबादी हझारखंड की कुल आबादी का 55 प्रतिशत है, लेकिन इस वर्ग को केवल 14 प्रतिशत आरक्षण का ही लाभ दिया जा रहा है। राज्य के कई जिलों में ओबीसी वर्ग का आरक्षण शून्य कर दिया गया है। कुशवाहा ने कहा की हेमंत सरकार ने चुनावी घोषणा में ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण करने की घोषणा की थी। इसपर प्रभारी मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि 2022 में कोर्ट के निर्णय को देखते हुए आरक्षण को बढाकर 27 प्रतिशत किया गया था। बाद में इसपर कोर्ट का हस्तक्षेप हुआ। उन्?होंने कहा कि हमारी सरकार ने केंद्र सरकार के समक्ष ओबीसी आरक्षण बढ़ाने की मांग को भेजा है। वहां से रिपोर्ट आते ही आरक्षण को बढाकर 27 प्रतिशत कर दिया जाएगा। इसपर कुशवाहा ने कहा कि चुनाव के समय राज्?य सरकार की ओर से जिस तरह बड़ी-बड़ी बातें कही गईं। आरक्षण बढ़ाने की घोषणा हुई तब तो सरकार ने केंद्र सरकार का हवाला देकर घोषणा नहीं की थी। उन्?होंने कहा कि मंत्री बताएं कि कब तक इस कार्य को सरकार पूरा कर लेगी।
————————————————————————————————————
विधायक ममता देवी का वायरल ऑडियो मामले में विधानसभा के अंदर और बाहर छाया रहा मामला
झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक ममता देवी का वायरल ऑडियो सदन के अंदर बाहर छाया रहा। सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद विधानसभा में उस समय हंगामा मच गया जब नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस विधायक ममता देवी द्वारा अपनी ही पार्टी के मंत्री इरफान अंसारी पर लगाए गए गंभीर आरोपों का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। बाबूलाल मरांडी ने सदन में दावा किया कि उनके पास ममता देवी और इरफान अंसारी के बीच हुई बातचीत का ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसमें ममता देवी ने मंत्री पर नर्सिंग कॉलेज को एनओसी देने के एवज में 5 लाख रुपये कमीशन लेने के बावजूद काम नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सदन से इसकी जांच कराने की मांग की। वायरल ऑडियो को कांग्रेस विधायक ममता देवी ने खारिज करते हुए कहा है कि जिस तरह से इसे बढ़ा चढ़ा कर पेश किया जा रहा है वह हकीकत में नहीं है। कांग्रेस की बैठक में इस तरह की बातें नहीं हुई थी, खासकर पैसों के लेनदेन को लेकर जिसे मीडिया में लाकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।



