मथुरा । महिलाओं पर कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। इस मामले में उनके खिलाफ दायर परिवाद को मथुरा की अदालत ने स्वीकार कर लिया है और अब आगामी 1 जनवरी को वादी के बयान दर्ज किए जाएंगे। यह विवाद अक्टूबर में तब शुरू हुआ जब अनिरुद्धाचार्य का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में उन्होंने बेटियों और महिलाओं के बारे में कथित रूप से आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां की थीं। वीडियो सामने आते ही देशभर में विरोध की लहर उठी, कई सामाजिक और महिला संगठनों ने इस बयान के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
बढ़ते विवाद के बीच अनिरुद्धाचार्य ने सफाई दी थी कि वह महिलाओं का सम्मान करते हैं और उनके बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। अखिल भारत हिंदू महासभा की आगरा जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने इस मामले को गंभीर मानते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की। उन्होंने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट उत्सव गौरव राज की अदालत में परिवाद दायर किया, जिसे सुनवाई के बाद स्वीकार कर लिया गया। अधिवक्ता मनीष गुप्ता ने बताया कि परिवाद दर्ज होना एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। अदालत द्वारा परिवाद स्वीकार किए जाने के बाद अब अनिरुद्धाचार्य को इस मामले में कानूनी प्रक्रिया का सामना करना होगा। 1 जनवरी को होने वाली अगली सुनवाई में अदालत मीरा राठौर के बयान दर्ज करेगी। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि मामला अब न्यायालय की निगरानी में आगे बढ़ेगा और कथावाचक की कानूनी परेशानियाँ और गहरा सकती हैं।






