नई दिल्ली । केंद्रीय कैबिनेट ने 8वें वेतन आयोग के लिए टर्म्स ऑफ रेफरेंस यानी टीओआर को मंजूरी दे दी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस को तय करने से पहले सरकार ने कई मंत्रालयों, राज्य सरकारों और कर्मचारी एसोसिएशन के साथ बातचीत की है। आयोग को अपनी सिफारिशें 18 महीनों के भीतर सौंपनी होंगी।इससे लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स की सैलरी, भत्तों और पेंशन में बढ़ोतरी का रास्ता साफ हो गया। सरकार ने साफ कहा कि ये बदलाव देश की आर्थिक स्थिति और वित्तीय जरूरतों को ध्यान में रखकर होंगे। यानी कर्मचारियों को फायदा होगा, लेकिन देश के विकास और कल्याणकारी योजनाओं के लिए पैसों की कमी भी नहीं होगी। सरकार का कहना है कि ये स्ट्रचर कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। 8वां वेतन आयोग न सिर्फ कर्मचारियों और पेंशनर्स की जेब भरेगा, बल्कि उनके काम और जिंदगी को और बेहतर बनाएगा। लेकिन इसका फायदा कब से मिलेगा, ये आयोग की सिफारिशों पर निर्भर करेगा।
आयोग देश की मौजूदा आर्थिक हालत को देखेगा। मतलब, सरकार के पास कितना पैसा है और खर्च करने की कितनी गुंजाइश है। दूसरी बात, विकास कार्यों और सामाजिक कल्याण योजनाओं के लिए पैसों की जरूरत को भी ध्यान में रखा जाएगा। तीसरा है, कुछ पेंशन स्कीम्स ऐसी हैं जिनमें न कर्मचारी पैसा जमा करता है न कंपनी, बल्कि सारा खर्च सरकार उठाती है। इन स्कीम्स का बोझ कितना है, इसका हिसाब लगाया जाएगा ताकि भविष्य में वित्तीय दिक्कत न आए। चौथा, ज्यादातर राज्य सरकारें केंद्र के वेतन आयोग की सिफारिशों को थोड़े बदलाव के साथ लागू करती हैं। इसलिए आयोग राज्यों की आर्थिक स्थिति को भी देखेगा, ताकि पूरे देश में एकसमान नियम बन सकें।
इसके अलावा पांचवां है, आयोग सरकारी कर्मचारियों की सैलरी और भत्तों की तुलना पब्लिक सेक्टर यूनिट्स और प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारियों से करेगा। इससे ये सुनिश्चित होगा कि सरकारी कर्मचारियों की सैलरी मार्केट के हिसाब से अच्छी रहे। टीओआर आयोग के कामकाज का दिशानिर्देश डॉक्यूमेंट है। यह आयोग के दायरे, उद्देश्यों और सीमाओं को परिभाषित करता है। इसमें यह तय होता है कि आयोग क्या-क्या समीक्षा करेगा, जैसे सैलरी स्ट्रक्चर, अलाउंस, पेंशन आदि। बिना टीओआर के आयोग का काम शुरू नहीं हो सकता।






