चुनावी हलफनामे में सामने आई सच्चाई
पटना । बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटों चुनावी मैदान में हैं। पहली बार दोनों अलग-अलग पार्टी से उम्मीदवार हैं। जहां तेजस्वी आरजेडी से राघोपुर विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि तेज प्रताप अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल की ओर से महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार हैं। हाल ही में पारिवारिक विवाद के बाद आरजेडी से तेज प्रताप को निष्काषित किया गया है, जिसके बाद उन्होंने अपनी नई पार्टी बना ली है। नामांकन के दौरान दोनों भाइयों ने अपनी संपत्ति का विवरण पेश किया।
तेज प्रताप ने अपने हलफनामे कुल घोषित संपत्ति करीब 2.88 करोड़ रुपये बताई है। इसमें चल संपत्ति करीब 91.65 लाख रुपये की है, जबकि अचल संपत्ति करीब 1.96 करोड़ रुपये की है। तेज प्रताप पर कुल 8 आपराधिक मामले हैं। हलफनामे में तेज प्रताप यादव ने इंटर (12वीं) पास बताया है।
तेज प्रताप यादव के पास नकद 1.10 लाख रुपये है। उनके पास एक बीएमडब्ल्यू कार है, जिसकी कीमत करीब 13 लाख है। उनके पास होंडा अमेज कार है, जिसकी अनुमानित कीमत 7.20 लाख रुपये है। इसके अलावा एक स्कोडा कार है, जिसकी कीमत 15.17 लाख रुपये है। हलफनामे के मुताबिक लालू के बड़े बेटे के पास 200 ग्राम सोने की ज्वेलरी है, जिसकी बाजार कीमत करीब 22 लाख रुपये है।
वहीं चुनावी हलफनामे के मुताबिक तेज प्रताप से काफी ज्यादा संपत्ति तेजस्वी के पास है। पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अपने हलफनामे में कुल 8.1 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। इसमें उनकी, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों की चल और अचल संपत्तियां शामिल हैं।
तेजस्वी के पास खुद की चल संपत्ति करीब 6.12 करोड़ रुपये और अचल संपत्ति 1.88 करोड़ रुपये की है। नकद 2.75 लाख रुपये का जिक्र है। वहीं परिवार सहित तेजस्वी के पास करीब 1 किलो सोना है।
तेजस्वी के पास करीब 200 ग्राम सोने की ज्वेलरी, उनकी पत्नी के पास 480 ग्राम सोने की ज्वेलरी, बेटी कात्यायनी यादव के पास 200 ग्राम गोल्ड ज्वेलरी और बेटे ईराज लालू यादव के पास 100 ग्राम गोल्ड ज्वेलरी है, चारों के पास करीब 80 लाख रुपये की गोल्ड ज्वेलरी है, जबकि परिवार के पास 3.5 किलो चांदी भी है।
इस तरह से तेजस्वी की बेटी कात्यायनी के नाम पर करीब 31.70 लाख रुपये की चल संपत्ति है, इसमें 200 ग्राम सोना (करीब 17 लाख), करीब 85,000 रुपये की चांदी और कुछ बैंक जमा राशि शामिल है। वहीं उनके बेटे ईराज लालू यादव के नाम पर लगभग 8.99 लाख रुपये की संपत्ति है, जिसमें 100 ग्राम सोना और लगभग 42,500 रुपये की चांदी शामिल है।


