परिजनों ने दो से तीन दिनों के अंदर आरोपी जयराम तुरी को गिरफ्तार करने की मांग की। 24 घंटे बाद सड़क जाम समाप्त।
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़)
बीते मंगलवार को थाना क्षेत्र के कोयला परिवहन सड़क के पचुवाड़ा मोड़ के समीप मानव आहार भोजनालय के संचालक और क्षेत्र में योग प्रशिक्षक के रूप में विख्यात 37 वर्षीय प्रमोद कुमार भगत की उनके होटल में ही दिनदहाड़े चाकू मारकर की गयी हत्या के बाद आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों द्वारा किया गया आलूबेड़ा-अमड़ापाड़ा कोयला परिवहन सड़क जाम 24 घंटे बाद बुधवार शाम पांच बजे समाप्त हो गया। वहीं सड़क जाम समाप्त होने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। दरअसल मंगलवार दोपहर को प्रमोद कुमार की हुई हत्या के बाद शाम पांच बजे से बरमसिया गांव के समीप मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों ने शव के साथ हत्या के आरोपी जयराम तुरी को अविलंब गिरफ्तार करने की माँग को लेकर कोयला परिवहन सड़क को जाम कर दिया था। इसके बाद सड़कों पर डंपरों की लंबी कतार लग गयी थी। सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, एसआई मृत्युंजय कुमार सिंह, एसआई श्रीचांद किस्कू पुलिस बल के साथ जाम स्थल पहुंचे थे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का काफी प्रयास किया लेकिन ग्रामीण व परिजन जयराम तुरी को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों का कहना था कि जबतक जयराम तुरी की गिरफ्तारी नहीं होती तबतक सड़क जाम रहेगा। अंततः पुलिस वापस लौट गई। ग्रामीणों ने मंगलवार को रातभर सड़क जाम रखा। इस बीच कई दफा पुलिस ने सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण टस से मस नहीं हुए। वहीं बुधवार सुबह एसडीपीओ विजय कुमार स्थानीय थाना के पदाधिकारियों के साथ जामस्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सोनाजोड़ी भिजवाया। इसके बाद एसडीपीओ मृतक के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर आवश्यक जानकारी ली। लेकिन सड़क जाम जारी था। वहीं दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद एसडीपीओ विजय कुमार, सीओ औसफ़ अहमद खान, थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों को हत्यारोपी जयराम तुरी को अगले दो से तीन दिनों के अंदर गिरफ्तार करने सहित प्रशासनिक स्तर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन देने के बाद सड़क जाम समाप्त किया गया।
शव घर पहुंचते ही माहौल गमगीन :-
पोस्टमार्टम के बाद मृतक प्रमोद का शव घर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। जिसे भी शव घर आने की सूचना मिली वह दौड़े प्रमोद के घर आए और परिजनों को सांत्वना दी। वहीं मृतक के बड़े भाई प्रदीप कुमार, प्रवीण कुमार सहित मां, बहन और रिश्तेदार का रो-रोकर बुरा हाल था। अपने बेटे के शव के पास दहाड़ मारकर रोती मां को देखते के बाद सभी की आंखें नम हो गयी।
क्या कहते हैं एसडीपीओ :-
यह घटना काफी दुखद है। हमारी पूरी संवेदना पीड़ित परिवार के साथ है। प्रारंभिक जांच में आरोपी से होटल मालिक द्वारा बकाया राशि मांगने की बात पर हत्या की बात सामने आई है। पुलिस तेजी से मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बहुत जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


