गौतमबुद्ध नगर । उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से ग्रेटर नाेएडा में स्थित एक्सपाे मार्ट में पांच दिवसीय यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी ने उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने देश-विदेश के उद्योगपतियों से भारत और उत्तर प्रदेश में इन्वेस्ट करने का आह्वान किया। उन्हाेंने देसी ट्रेडर्स को स्वदेशी उत्पाद के मंत्र को अपनाने की अपील की है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी ने एक्सपाे मार्ट परिसर में एक सभा को भी संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने भारत, खासकर उत्तर प्रदेश में जिस तरह से देश-विदेश के उद्योगपति निवेश कर रहे हैं, इससे भारत की आर्थिक क्षमता काफी मजबूत होगी। उन्हाेंने देश-विदेश के उद्योगपतियों से आह्वान किया कि वे भारत और उत्तर प्रदेश में इन्वेस्ट करें। भारत में उद्योग लगाने का माहौल बना है। प्रधानमंत्री ने जीएसटी रिफॉर्म का जिक्र करते हुए कहा की नई जीएसटी रिफॉर्म से उद्योग धंधे, किसान, गरीब, मजदूर, बच्चों सबको फायदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले कई गुना टैक्स आम नागरिकों को देना पड़ता था, जो अब काफी कम हो गया है। उन्होंने जिन वस्तुओं पर टैक्स कम हुआ है उसका उदाहरण देकर उपस्थित लोगों को समझाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सेनाएं स्वदेशी हथियार की लगातार मांग कर रही हैं। उत्तर प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर बन रहा है, जहां पर ब्रह्मोस मिसाइल से लेकर रक्षा से संबंधित कई उपकरण बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रूस के सहयोग से उत्तर प्रदेश में स्वचालित राइफल का निर्माण जल्द ही शुरू हो रहा है। उन्होंने उद्योगपतियों से कहा कि व्यापारिक/कारोबार में होने वाली जिन छोटी-छोटी गलतियों पर आपके खिलाफ केस होता था, ऐसे सैकड़ो कानून को उनकी सरकार ने खत्म कर दिया है। उन्होंने उद्योगपतियों से कहा कि आपसे मेरी कुछ अपेक्षाएं भी है। उन्होंने कहा कि भारत में बनने वाला उत्पाद बेस्ट क्वालिटी का होना चाहिए। माेदी ने कहा कि आज देशवासियों के मन में यह बात आई है की स्वदेशी उत्पादों की क्वालिटी में लगातार सुधार हो रहा है। क्वालिटी से कोई भी कंप्रोमाइज नहीं होना चाहिए। देश का हर नागरिक स्वदेशी से जुड़ रहा है। वह स्वदेशी उत्पाद खरीदना चाहता है। हमारे ट्रेडर्स को भी इस मंत्र को अपनाना है। जो भारत में उपलब्ध है उसे प्राथमिकता देनी है। आपकी हर मदद के साथ यूपी सरकार और भारत सरकार आपके साथ है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर विकसित भारत और विकसित यूपी बनाएंगे।






