जामताड़ा : जिले के दुलाडीह स्थित नगर भवन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित डांस, म्यूजिक एवं ड्राइंग प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरा। भाजपा के वरिष्ठ नेता सह नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष बीरेंद्र मंडल कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यहां के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें उभारकर आगे लाने की जरूरत है। उन्होंने बच्चों के प्रतिभा का तारीफ करते हुए कहा कि आज इनका हुनर देखकर मुझे विश्वास है कि एक दिन ये बच्चे अपने जिले एवं राज्य का नाम राष्ट्रीय फलक पर अवश्य रौशन करेंगे। इंडिया क्लब एवं विक्टर डांस किंगडम के बच्चों ने हाथी-घोड़ पालकी..जय कन्हैया लाल की.., नंद के घर आनंद भयो..समेत कई भक्ति और देशभक्ति गीतों से समां बांध दिया। इस अवसर पर मौजूद दर्शक औैर बच्चों के अभिभावक तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्द्धन करते रहे। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से वृंदावन के दृश्य को साकार कर दिया। अपनी ड्राइंग और पेंटिंग के माध्यम से बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को भी जीवंत कर दिया। एक से बढ़कर एक पेंटिंग एवं ड्राइंग के माध्यम से बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाललीला को भी दर्शाया। इस अवसर पर मौजूद गणमान्य लोगों ने भी बच्चों की प्रतिभा की तारीफ की और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मौके पर सैकड़ों की संख्या में जिले के लोग मौजूद थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


