जरमुंडी । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य पर सोमवार को प्रसिद्ध बासुकीनाथ मंदिर सहित जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न ठाकुरबाड़ी और भगवान श्रीकृष्ण के मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। बासुकीनाथ मंदिर स्थित झूलन मंदिर सहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जन्माष्टमी पर जरमुंडी बाजार समेत सुदूर प्रखंड क्षेत्र में हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। जरमुंडी बाजार, सहारा, तालझारी, हरिपुर, नोनीहाट, बासुकीनाथ,कालाडुमरिया आदि स्थित ठाकुरबाड़ी और अन्य मंदिरों में श्रद्धालु भक्तों की भीड़ लगी रही। जरमुंडी बाजार स्थित दानीनाथ मंदिर के प्रांगण में सोमवार को जन्माष्टमी के उपलक्ष्य पर भगवान श्रीराधाकृष्ण की पूजा के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। ठाकुरबाड़ी में दिनभर पूजा अर्चना के लिए भीड़ लगी रही। जरमुंडी ठाकुरबाड़ी में पंडित सपन पत्रलेख के नेतृत्व में जन्माष्टमी का आयोजन धूमधाम से किया गया।हर वर्ष की भांति मंदिर परिसर में भगवान श्री कृष्ण के बाल स्वरूप को मथुरा से गोकुल ले जाते वासुदेव जी और सर्पराज वासुकि की मृण्मूर्ति की प्राणप्रतिष्ठा कर अष्टयाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ठाकुरबाड़ी में भगवान श्रीराधाकृष्ण, श्रीलक्ष्मीनारायण, बालगोपाल व शालिग्राम भगवान के श्रीविग्रह की विधिवत पूजा अर्चना की गई।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


