सुदेश महतो ने अमित शाह के साथ मुलाकात के बाद की घोषणा
नई दिल्ली । झारखंड विधानसभा चुनाव में ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) और बीजेपी में गठबंधन पर सहमति बन गयी है। आजसू नेता और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात के बाद दिल्ली में इसकी घोषणा की। बताते चलें कि पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी और आजसू का गठबंधन टूट गया था। हालांकि हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा था। आजसू नेता सुदेश महतो से जब चंपई सोरेन को लेकर सवाल पूछे गए तो उन्होने कहा कि अगर चंपई सोरेन एनडीए में आते हैं तो गठबंधन को मजबूती मिलेगी। साल 2019 के विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर बीजेपी और आजसू में बात नहीं बनी थी। आजसू ने एनडीए से अलग हटकर चुनाव लडऩे का ऐलान किया था। आजसू ने 50 से अधिक सीटों पर उम्मीदवार उतार दिए थे। गठबंधन में टूट का नुकसान बीजेपी और आजसू दोनों ही दलों को उठाना पड़ा था। भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर होना पड़ा था। आजसू की स्थापना जेएमएम नेता निर्मल महतो ने करवायी थी। यह लंबे समय तक जेएमएम के साथ था । बाद के दिनों में आजसू में कई बार टूट हुए और इसके कई गुट बन गए। साल 2000 के बाद से सुदेश महतो आजसू का नेतृत्व कर रहे हैं।


