पटना । देश के मशहूर और मारुफ शिक्षक खान सर की शादी के बाद हुए रिसेप्शन को लेकर अब नया विवाद खड़ा हो गया है। बिहार के मधुबनी जिले के बिस्फी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा है कि खान सर को बताना चाहिए कि उन्होंने किस लड़की से शादी की है, कहां, कैसे शादी की है। सबको ये जानने का हक़ है।
बचौल ने रिसेप्शन में खान सर की पत्नी की ओर से घूंघट में रहने को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पत्नी का घूंघट में रहना ‘इस्लामिक सोच’ को दिखाता है। विधायक ने खान सर पर शिक्षा के नाम पर लोगों को गुमराह करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खान सर को यह साफ करना चाहिए कि उन्होंने किस लड़की से शादी की, शादी कहां और कैसे हुई। अगर वे अपनी पत्नी को अधिकार नहीं दे पा रहे हैं, तो छात्रों को क्या शिक्षा देंगे?।
बता दें खान सर ने सोमवार 2 जून को अपनी शादी के बाद भव्य रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया था। यह कार्यक्रम पटना की एक लग्ज़री होटल में आयोजित किया गया था, जिसमें राज्य और देश भर की कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं थी। इस खास मौके पर खान सर को बधाई देने बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, पूर्व मंत्री नितीश मिश्रा, केंद्रीय राज्यमंत्री राजभूषण निषाद, बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, पूर्व मंत्री मुकेश सहनी और राजद नेता तेजस्वी यादव समेत कई राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियां मौजूद थीं। समारोह में बड़ी संख्या में मेहमानों की मौजूदगी ने इस आयोजन को खास बना दिया।
खान सर की रिसेप्शन पार्टी में फिजिक्स वाला के फाउंडर अलख पांडे और नीतू मैम भी पहुंचे थे। इस समारोह में खान सर ने केवल अपने करीबी और विशेष रूप से आमंत्रित लोगों को ही बुलाया था। रिसेप्शन को और भी खास बनाने के लिए बॉलीवुड के मशहूर सिंगर साबरी ब्रदर्स भी पहुंचे थे। उन्होंने अपनी गायकी से माहौल को संगीतमय बना दिया और मेहमानों का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुति ने पार्टी में चार चांद लगा दिए।
इस रिसेप्शन पार्टी के जरिए पहली बार खान सर के परिवार और रिश्तेदार सार्वजनिक रूप से लोगों के सामने आए। समारोह में मंच पर खुद खान सर अपनी पत्नी के साथ मेहमानों का अभिवादन करते नजर आए। उनके साथ उनके माता-पिता भी मंच पर मौजूद थे।






