संवाददाता
जामताड़ा । नारायणपुर प्रखंड के झिलुआ पंचायत अंतर्गत बांसपहाड़ी में स्थित मध्य विद्यालय के समीप निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र में अनियमितता और गड़बड़ी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के साथ-साथ केंद्र की सेविका ने भी निर्माण प्रक्रिया को लेकर गंभीर आपत्ति जताई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य को पूरी तरह से गुप्त रूप से कराया जा रहा है। न तो कार्य स्थल पर योजना से संबंधित कोई सूचना बोर्ड लगाया गया है, और न ही ग्रामीणों अथवा संबंधित सेविका को निर्माण की जानकारी दी गई। इससे ठेकेदार की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटिया सामग्री और लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण में उपयोग की जा रही ईंटें बेहद घटिया गुणवत्ता की हैं और दीवारों की जुड़ाई में सीमेंट की मात्रा भी बहुत कम दी जा रही है। सेविका नमिता सोरेन ने बताया कि शुरुआत से ही ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण कार्य करने की बात कही गई थी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण में कई लापरवाहियां की जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ढलाई और जोड़ाई में पानी की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है।
बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
सेविका नमिता सोरेन, पंचायत प्रधान कालीचरण हांसदा, विजय समेत कई ग्रामीणों ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की पहली पाठशाला होती है, ऐसे में उनकी सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। यदि भवन निर्माण घटिया सामग्री से किया गया तो इससे बच्चों की जान को खतरा हो सकता है।
निर्माण अधूरा, किचन स्लैब पहले ही टूटा
गौरतलब है कि निर्माण कार्य अभी पूर्ण भी नहीं हुआ है, लेकिन किचन का स्लैब पहले ही टूट चुका है। इससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठते हैं।
जांच का भरोसा: सीडीपीओ
मामले की जानकारी मिलने पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रखंड प्रमुख अंजना हेंब्रम ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। क्षेत्र में ऐसे कई आंगनबाड़ी केंद्र है ,जो अब तक उपयोगहीन है ।कहीं पानी टपकता है तो कहीं कार्य पूरा नहीं हुआ है ।आंगनबाड़ी केंद्र में लागत कितना है ,क्या-क्या मॉडलिंग करना है, इसकी जानकारी साझा करनी चाहिए ठेकेदार को ।अगर ऐसा गड़बड़ हुआ है तो जांच किया जाएगा और वरिय अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की जाएगी।





