देवघर। जिला कांग्रेस कमिटी देवघर द्वारा देशभर में चल रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत मंगलवार को संविधान बचाओ रैली का आयोजन आर.एन. बोस लाइब्रेरी परिसर में किया गया। रैली में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और केंद्र की मोदी सरकार पर संविधान से छेड़छाड़ और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और देश को संविधान दिया, आज उसी संविधान के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। उन्होंने कहा कि संविधान ही हमें मौलिक अधिकार, समानता और न्याय की गारंटी देता है, जिसे बचाना हम सबका कर्तव्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग, प्रवर्तन निदेशालय और इनकम टैक्स जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। हम यह लड़ाई घर-घर तक ले जाएंगे। राहुल गांधी संविधान की रक्षा के लिए सड़कों से संसद तक संघर्ष कर रहे हैं, उन्होंने कहा। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि केंद्र सरकार अपने पूंजीपति मित्रों के हित में कार्य कर रही है। झारखंड के संसाधनों को अडानी समूह को सौंपा गया है, जबकि राज्य को इसका लाभ नहीं मिल रहा। संविधान से छेड़छाड़ लोकतंत्र की आत्मा पर हमला है और कांग्रेस इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी। राष्ट्रीय सचिव एवं झारखंड सह प्रभारी सिरिबेला प्रसाद ने कहा कि संविधान को बचाना है तो हर नागरिक को जागरूक करना होगा। जब संविधान बचेगा, तभी देश बचेगा, उन्होंने कहा। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी भाग लिया और कांग्रेस की भूमिका को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि देश की रक्षा और संविधान की सुरक्षा कांग्रेस ही कर सकती है। उन्होंने देवघर जिले के लिए ट्रॉमा सेंटर, सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल और मेडिकल कॉलेज की योजनाओं की जानकारी दी। पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, पूर्व सांसद प्रदीप बालमुचू, फुरकान अंसारी, बादल पत्रलेख, जिला पर्यवेक्षक अजय दुबे सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने रैली को संबोधित किया और कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा गांधी, स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस एवं राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। रैली में जिला अध्यक्ष प्रो. उदय प्रकाश, बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ. मुन्नम संजय, नगर अध्यक्ष रवि केसरी, सुधीर देव, शबाना खातून, अवधेश प्रजापति, नागेश्वर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम की सफलता पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष और बीस सूत्री उपाध्यक्ष ने सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया।




