संताल एक्सप्रेस संवाददाता
श्रीराम भगत

अमड़ापाड़ा (पाकुड़) । अंधविश्वास के नाम पर अमड़ापाड़ा प्रखंड में एक बार फिर मानवता शर्मसार हुई है। थाना क्षेत्र के सिंगारसी पंचायत अंतर्गत पकलो संथाली गांव में सोमवार को डायन-बिसाही के संदेह में एक आदिवासी महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 40 वर्षीय सुरुज मुर्मू के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम लगभग चार बजे मृतका के भतीजे दूरबीन सोरेन ने मामूली कहासुनी के बाद लाठी-डंडे से हमला कर सुरुज मुर्मू की मौके पर ही जान ले ली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी ने पहले महिला के साथ गाली-गलौज की, फिर अचानक मारपीट शुरू कर दी। वारदात के बाद वह फरार हो गया। मामले के पीछे एक माह पुरानी घटना को कारण बताया जा रहा है। दूरबीन सोरेन का पुत्र प्रमोद सोरेन बीमार था और उसे झाड़-फूंक के लिए ओझा के पास ले जाया गया था। ओझा ने बीमारी के पीछे डायन का हाथ बताया। कुछ दिन बाद प्रमोद की मृत्यु हो गई, जिसके बाद दूरबीन ने चाची सुरुज मुर्मू को जिम्मेदार ठहराते हुए यह खौफनाक कदम उठाया।
घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार को थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा, एसआई पप्पू कुमार, सूरजमल पासवान सहित पुलिस बल गांव पहुंचा और घटनास्थल की छानबीन की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी दूरबीन सोरेन का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके परिजनों से पूछताछ जारी है।





