देवघर। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना में अनियमितता को लेकर देवघर जिले में प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी विशाल सागर ने सोमवार को इस योजना में फर्जी दस्तावेज और फर्जी हस्ताक्षरों के ज़रिए हुई अवैध निकासी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और बैंकों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। डीसी ने जिला गव्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, और इंडियन बैंक की साप्तर और जियाखाड़ा शाखा के बैंक प्रबंधकों की कार्यशैली पर नाराज़गी जताई और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है।
बैठक में डीसी ने स्पष्ट किया कि बैंक कर्मियों और अधिकारियों की लापरवाही या मिलीभगत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इंडियन बैंक की दो शाखाओं से फर्जी निकासी की पुष्टि होने के बाद बैंक प्रबंधकों पर आपराधिक मामला दर्ज कराया गया है। योजना के अंतर्गत जिले भर में जिन लाभुकों के नाम पर सब्सिडी मिली है, उन खातों की पूरी जांच करवाई जाएगी। डीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि भविष्य में कोई भी सब्सिडी गलत तरीके से न जाए और योजनाओं का लाभ केवल योग्य लाभुकों को ही मिले। डीसी ने बैंकों के वरीय अधिकारियों को भी स्पष्ट संदेश दिया कि कार्य में कोताही और लापरवाही किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में इस प्रकार की चूक सामने आई, तो बैंकिंग संस्थानों की जवाबदेही तय की जाएगी।






