पेड़ और बिजली के खंभे गिरे, कई इलाकों में बाधित रही बिजली आपूर्ति
देवघर । शनिवार की दोपहर तीन बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ हल्की बारिश ने चार दिनों से जारी उमसभरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी। लगभग 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आंधी और बारिश से जहां एक ओर लोगों को राहत मिली, वहीं दूसरी ओर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। बंपास टाउन, बेलाबगान और शिवगंगा नेहरू पार्क के पास पेड़ गिरने से सड़कों पर आवागमन कुछ समय के लिए बाधित रहा। वहीं, बंपास टाउन क्षेत्र में बिजली के खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
मौसम विभाग की चेतावनी मौसम वैज्ञानिक शाउन चक्रवर्ती के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया लगातार सक्रिय है, जिससे संताल परगना क्षेत्र में बारिश की संभावना बढ़ गई है। शनिवार को देवघर में आठ मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। रविवार और सोमवार को 15 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि हवाएं 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। रविवार और सोमवार को सुबह में धूप रहने की संभावना है, लेकिन दोपहर बाद बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मंगलवार को भी पांच मिलीमीटर बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।






