संताल एक्सप्रेस संवाददाता, श्रीराम भगत

अमड़ापाड़ा(पाकुड़) । प्रखंड क्षेत्र के बासमती मेला डंगाल से महेशपुर प्रखंड के धनजोड़ी गांव तक 528.596 लाख रुपये की लागत से बाँसलोई नदी पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण प्रस्तावित है। इस पुल का शिलान्यास लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू द्वारा 12 अप्रैल को किया गया था। लेकिन शिलान्यास के बाद से ही बासमती गांव के ग्रामीणों के बीच इसका तीव्र विरोध शुरू हो गया है। मंगलवार को ग्रामीणों ने बासमती मेला डंगाल में एक बैठक कर प्रस्तावित पुल निर्माण का विरोध दोहराया। ग्रामीणों का कहना है कि अमड़ापाड़ा से बासमती तक दो किलोमीटर के दायरे में पहले से ही तीन बड़े पुल मौजूद हैं। ऐसे में एक और पुल का निर्माण अनावश्यक और सरकारी संसाधनों की बर्बादी है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि जिस स्थल पर पुल का निर्माण होना है, वहां दशकों से दुर्गा पूजा के अवसर पर मेला आयोजित होता है। दुर्गा प्रतिमा स्थापना के लिए एक स्थायी चबूतरा भी बनाया गया है। इसके अलावा, आदिवासी समाज के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन भी इसी स्थल पर होते रहे हैं। प्रस्तावित पुल से जुड़ने वाली सड़क गोचर भूमि से होकर गुज़रेगी, जिसे पारंपरिक रूप से मवेशियों के चारे के लिए सुरक्षित रखा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे गांव की पारिस्थितिकी और आजीविका दोनों पर असर पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि पुल बनने के बाद यह क्षेत्र असामाजिक तत्वों और शराबियों का अड्डा बन सकता है। साथ ही, महज 40 घरों के आवागमन के लिए पांच करोड़ से अधिक की लागत से पुल बनाना जनहित की दृष्टि से तर्कसंगत नहीं है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी स्थिति में इस पुल का निर्माण नहीं होने देंगे और इसके खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा।
मौके पर निरानंद भगत, मनोज मंडल, साइलेन मुर्मू, मिंटू दास, नरेशकान्त साह, संटू मंडल, रोमा देवी, मुकेश मंडल, सुधांशु कुमार, गोपी मंडल सहित दर्जनों महिला-पुरुष मौजूद थे।





