गुमला । कामडारा थाना क्षेत्र के कारीचुंवा गांव में रविवार काे जमीन विवाद में भतीजा ने चाचा और चाची की टांगी से वार कर घटनास्थल पर हत्या कर दी । मृतकों में थादियुस कुल्लू (45 ), सिलविया कुल्लू ( 42 ) का नाम शामिल है । घटना की जानकारी मिलते ही कामडारा थाना प्रभारी शशि प्रकाश सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच जांच पड़ताल कर मृतकाें के शव को पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पुलिस ने आरोपित भतीजा अरविन्द कुल्लू को गिरफ्तार कर लिया । बताया जाता है कि जमीन विवाद के मामले को लेकर वर्ष 2023 में भी विवाद हुआ था । इसके बाद से आपसी रंजिश बढ़ गई थी । रविवार को दोपहर बाद मृतक के घर के समीप महिला मंडल की बैठक चल रही थी । वहीं समीप में मृतक थादियुस भी बैठा हुआ था । इसी बीच भतीजा टांगी लेकर अचानक पहुंचा और अपने चाचा पर वार कर दिया । अपने पति को मारते हुये देख जब पत्नी सिलविया बीच बचाव करने पहुंची तो भतीजा ने उस पर भी वार कर हत्या कर दी । इस घटना से बैठक में भगदड़ मच गई । आरोपित काफी आक्रोश में था और लोगों पर भी टांगी से वार करने की धमकी दे रहा था। इस कारण सभी जान बचा कर भाग गये । दिनदहाड़े घटित घटना से गांव में दहशत का माहौल बन गया । घटना की सूचना पड़ोसी से मिलने के बाद मृतक की बेटी संगीता कुल्लू भी अपने ससुराल पालकोट के दामतारा से कामडारा थाना पहुंची। कामडारा पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है ।






