– सीबीआई ने छापेमारी कर एक रेल अधिकारी समेत तीन रेल कर्मियों को किया गिरफ्तार
– दो माह से सीबीआई के रडार पर था रेलवे का अधिकारी
पटना । सीबीआई द्वारा बिहार के रोहतास में रेलवे के अधिकारियों द्वारा करोड़ों रुपए के रेल सामग्री को चोरी छिपे बेचने तथा अवैध तरीके से करोड़ों रुपए की कमाई करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रेल अधिकारी समेत तीन रेल कर्मियों को गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि पटना से गई सीबीआई की टीम ने रेल विजिलेंस की टीम के साथ मिलकर डेहरी ऑन सोन और सोन नगर के रेल कार्यालय पर छापेमारी कर एक रेल अधिकारी समेत तीन रेल कर्मियों को गिरफ्तार कर अपने साथ पटना लाई है। सूत्रों ने बताया कि छापेमारी में सीबीआई की टीम को करोड़ों रुपए के लेनदेन समेत कई अवैध कामों के ठोस सबूत भी हाथ लगे हैं। हालांकि अभी इस संदर्भ में अधिकृत रूप से पत्रकारों को जानकारी उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है और कहा जा रहा है कि जल्द ही जानकारी दी जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार रेल अधिकारी राज कुमार सिंह वर्तमान में पूर्व मध्य रेल के डेहरी स्थित पथ निर्माण कार्यालय में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के रूप में पदस्थापित हैं। इसी साल जनवरी महीने में दानापुर से स्थानांतरण होकर उन्होंने डेहरी सीनियर सेक्शन इंजीनियर के रूप में पदभार संभाला था। उन पर आरोप यह है कि सीनियर सेक्शन इंजीनियर के पद पर रहते हुए दानापुर से लेकर डेहरी तक अवैध रूप से करोड़ों रुपए के रेल संपत्ति की बिक्री उन्होंने कर दी। दो महीने पहले ही इसकी शिकायत सीबीआई की पटना टीम को मिल गई थी। रेल संपत्ति की खरीद-बिक्री में मिले पैसे का प्रयोग कहां-कहां किस रूप में हो रहा था, इसकी खबर भी सीबीआई टीम को थी। इतना ही नहीं सीनियर सेक्शन इंजीनियर अपनी कमाई की मोटी रकम अपने रेल सहकर्मी गिरफ्तार विनोद कुमार के खाते में रखता था। जिसकी जानकारी भी सीबीआई को मिल चुकी थी। सीबीआई की टीम अपने स्तर से सीनियर सेक्शन इंजीनियर राजकुमार सिंह पर नजर रखे हुए थी। छापेमारी के दौरान सीनियर सेक्शन इंजीनियर की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम ने रेलकर्मी विनोद कुमार को भी डेहरी रेल परिसर से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सीनियर सेक्शन इंजीनियर का स्टोर सोन नगर में था, जहां संविदा कर्मी भीम कुमार की भूमिका भी इस अवैध कार्य में थी। रेल कर्मियों का मानना था कि दिन के उजाले में ट्रकों में रेल संपत्तियों को भरकर अन्य स्थानों पर बिक्री के लिए भेजा जाता था। कई विभागों के रेल अधिकारी यह समझते थे, कि किसी कार्य के लिए रेलवे संपत्ति को यहां से अन्यत्र भेजा जाता है। लेकिन सेक्शन इंजीनियर के साथ अन्य रेलकर्मी की गिरफ्तारी के बाद ये खुलासा हुआ है कि बड़े पैमाने पर ट्रकों में भरकर रेल सामग्री बिक्री के लिए अन्य स्थानों पर भेजा जाता था और आश्चर्य की बात ये भी है कि इसकी भनक रेल पुलिस को भी नहीं लग पाई।






