संताल एक्सप्रेस संवाददाता

दुमका । वक्फ संशोधन अधिनियम के विरोध में दुमका में ख्वाजा गरीब नवाज मुस्लिम कल्याण समिति के द्वारा बुधवार को दुमका के आउटडोर स्टेडियम से वक्फ संशोधनअधिनियम 2025 के विरोध में एक रैली और धरना प्रदर्शन किया गया। शहर के आउटडोर स्टेडियम से एक रैली के शक्ल में ये सभी शहर के विभिन्न चौक चौराहों से होकर गुजरते हुए दुमका समाहरणालय के सामने पहुंचकर धरना दिया । इस रैली और विरोध प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने वक्फ संशोधन अधिनियम को काला कानून बताया और कहा कि यह अल्पसंख्यक समाज को कमजोर करने की साजिश है । उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा जब से यह मोदी सरकार केंद्र में आई है मुस्लिम समुदाय को लगातार निशाना बनाया जा रहा है । चाहे वह तीन तलाक का मामला हो या फिर अभी वक्फ संशोधन अधिनियम , उनका उद्देश्य हमें नीचा दिखाना है । इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से दुमका लोकसभा के सांसद नलिन सोरेन शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इस देश को आजाद करने में सभी जाति – धर्म के लोगों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया । बाबा साहब अंबेडकर ने जो कानून बनाया उसमें सभी को अपने-अपने धर्म को मानने का अधिकार दिया गया । इसके बावजूद केंद्र में जो मोदी की सरकार है वह अपनी मनमानी कर रही है । यह कानून नियमत: गलत है । हम विपक्षी दलों के विरोध के बावजूद संख्या बल के बदौलत उन्होंने वक्फ संशोधन कानून बना दिया । भारतीय जनता पार्टी जाति , धर्म , क्षेत्र के आधार पर लोगों को लड़वाना चाहती है । सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि हम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से यह मांग करते हैं कि वे इस कानून को झारखंड राज्य में नहीं लागू करें ।





