पटना । बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं इससे पहले सभी राजनीतिक पार्टियां तैयारियां में जुट गई हैं। गुरूवार को पटना में महागठबंधन की अहम बैठक होने वाली है, जिसमें सीट शेयरिंग और सीएम चेहरे को लेकर चर्चा की जा सकती है। इस बैठक को लेकर बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जयसवाल ने महागठबंधन पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि मरता क्या नहीं करता। विपक्ष को लगता है कि वे बिहार के विकास के बारे में कुछ नहीं बोल सकते, इसलिए वे अफवाहों और गलत सूचनाओं के आधार पर अपनी रणनीति तैयार करेंगे। उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान भी ऐसा करने की कोशिश की थी। इस बार उनकी साजिश काम नहीं करेगी। वे एक साथ आ रहे हैं क्योंकि उनकी नाव डूबने वाली है। जयसवाल ने कहा कि नीतीश कुमार एनडीए के सर्वमान्य नेता हैं, उनके नेतृत्व में हम बिहार चुनाव का प्रचार शुरू कर चुके हैं। प्रत्येक जिला स्तर पर एनडीए का कार्यकर्ता सक्रिय है।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में जिस तरह बिहार का विकास हुआ है, आज किसी विपक्षी नेता की इतनी हिम्मत नहीं है कि वे बिहार के विकास पर चर्चा कर सकें। उन्होंने कहा कि मैंने एक बार चुनौती भी दी थी कि जो लोग दिनभर गाल बजाते रहते हैं, वे विकास पर चर्चा करें। जनता सरकार को इसलिए चुनती है कि वे विकास करें और विकसित बिहार बनाएं।






